अयोध्या जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र के मुंगीशपुर पूरे मठिया निवासी युवक को अभद्र महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पकड़ कर तीन दिन तक पुलिस हिरासत में रखकर प्रताड़ित किए जाने का मामला पूरी तरह से गरमा गया है।
पुलिस की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने रोड जाम कर हिरासत में रखे गए युवक को तत्काल छोड़े जाने की मांग की। लगभग 45 मिनट तक फैजाबाद रायबरेली मार्ग जाम रहा और पुलिस प्रशासन के मान मनौव्वल एवं समझाने बुझाने के बाद उग्र एवं आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए तब जाकर यातायात बहाल हो सका।
मुंगीसपुर गांव के लोगों का आरोप है कि एक महिला जो अक्सर किसी न किसी युवक को अपने जाल में फंसाकर उससे मोटी रकम लेकर सुलह समझौता कर लेती है। जिस युवक के द्वारा महिला को रकम नहीं दी जाती, उसे किसी न किसी मनगढ़ंत कहानी बनाते हुए थाने पर तहरीर देकर परेशान किया जाता है। इसी का शिकार मुंगेशपुर पूरे मठिया गांव निवासी युवक गुलशन कुमार भी हो गया।
प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार ने बताया कि पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक गुलशन को फिलहाल छोड़ दिया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।