पकड़े गए अलीम और रेहान कौन हैं? ट्रक उनके थे या वह पुलिसकर्मियों के लिए वसूली करते थे? इस बारे में कोई भी अधिकारी जानकारी नहीं दे सका है। इलाकाई लोगों का कहना है कि दोनों युवक पुलिसकर्मियों के एजेंट हैं और दिनभर बंथरा व जुनाबगंज तिराहा के आसपास स्थित ढाबे-रेस्टोरेंट में घूम-घूमकर ट्रक चालकों से नो एंट्री पार कराने के लिए संपर्क करते थे। एसएसपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े गए पुलिसकर्मी पहले तो एडीजी की स्पेशल टीम से भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने इंस्पेक्टर नागेंद्र चौबे, दरोगा अभय मिश्रा व अन्य दरोगा-सिपाहियों के साथ अभद्रता की।
धक्का-मुक्की और हाथापाई पर उतारू हो गए। सड़क पर अराजकता का माहौल बन गया। भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने विरोध किया लेकिन बड़े अधिकारियों के आदेश पर कार्रवाई की पता लगते ही सबके तेवर ढीले पड़ गए। पकड़े गए पुलिसकर्मी गिड़गिड़ाने लगे। ले-देकर मामला रफा-दफा करने का प्रस्ताव भी रखा।