मलिहाबाद में बीए के एक छात्र का शव शनिवार सुबह आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। पास में एक जोड़ी लेडीज चप्पल पड़ी थी।
प्रेमिका ने एक महिला के माध्यम से उसका मोबाइल व कुछ रुपये के साथ ही खुदकुशी की सूचना भेजी थी।
परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
गांव भतोइया की प्रधान मुन्नी देवी के बेटे आनंद कुमार उर्फ सोनू (19) का शव गांव मनकौटी में सिद्दीक के आम के बाग में पेड़ से लटका मिला।
गले पर दुपट्टे का फंदा कसा था और पास में एक जोड़ी काली लेडीज चप्पल पड़ी थी। पास के गांव की एक युवती ने ही आनंद की मौत की सूचना भेजी थी।
भतोइया गांव की ही एक महिला मोबाइल व आठ सौ रुपये के साथ ही खुदकुशी की खबर देने आई थी।
आनंद के नाक पर चोट का निशान व अन्य परिस्थितियों के आधार पर परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पिता श्रीकृष्ण व मां मुन्नी ने बताया कि आनंद कुंवर आसिफ अली संजू मिया महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।
आनंद शुक्रवार दोपहर तीन बजे घर से निकला था। देर रात तक न लौटने पर पिता ने कई बार मोबाइल नंबर डायल किया। लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
सुबह उसकी तलाश शुरू ही की थी कि गांव की ही नंद कुमारी ने मोबाइल व रुपये लौटाते हुए मौत की खबर दी।
पिता के अनुसार आनंद के गले पर कसा गुलाबी-क्रीम कलर का दुपट्टा उनके घर का नहीं था। पुलिस ने मौके से मिलीं चप्पलें व दुपट्टा कब्जे में ले लिया है।
पूर्व राज्यमंत्री कौशल किशोर ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से मामले के जल्द खुलासे की मांग की है। एसएसआई श्याम सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव मनकौटी में रहने वाली आनंद की प्रेमिका का परिवार संदेह के घेरे में हैं। श्रीकृष्ण ने बताया कि उनके तीन बच्चों छोटू व शिवानी में आनंद सबसे बड़ा था।
मौत की खबर से पूरा परिवार सदमे में है। अंदेशा है कि आनंद को प्रेमिका के साथ देखकर भड़के परिवार के लोगों ने ही हत्या कर शव लटका दिया। युवती को भी जबरदस्ती ले गए होंगे, इसी के चलते उसकी चप्पल छूट गई।