गणतंत्र दिवस के मौके पर सहारागंज में भीड़ उमड़ने से रविवार शाम शाहनजफ रोड पर जाम लग गया। एसएसपी प्रवीण कुमार भी आवास से निकलते ही जाम में फंस गए।
उन्होंने लीला चौकी इंचार्ज विनोद कुमार सिंह वायरलेस पर संपर्क करना चाहा लेकिन चौकी इंचार्ज का हैंडसेट कांस्टेबल के पास था। इस बीच एसएसपी खुद पुलिस चौकी पर जा पहुंचे।
चौकी इंचार्ज को लापरवाही व गलत लोकेशन देने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया। खास बात कि विगत दिनों सपा कार्यकर्ता के उत्पीड़न के आरोप में गोमतीनगर से हटाए गए सब इंस्पेक्टर धीरज सिंह की लीला चौकी इंचार्ज के पद पर तैनाती कर दी।
धीरज सिंह इससे पहले भी लीला चौकी इंचार्ज रहे हैं। उल्लेखनीय है कि त्योहार या छुट्टी के मौके पर सहारागंज में भीड़ उमड़ने के चलते यातायात व सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाते हैं।
चौकी इंचार्ज अपने दो सिपाहियों को व्यवस्था बनाने का जिम्मा सौंपकर निकले थे। चौकी इंचार्ज पद से हटाए गए विनोद ने सफाई दी कि दिन भर ड्यूटी के बाद शाम को नित्यक्रिया के लिए गए थे। इस बीच अव्यवस्था हो गई थी।