पत्नी ने रुपये देने से मना किया तो स्मैक के आदी पति ने उसके सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार हरदोई जिले का निवासी है, जो कस्बे के एक आश्रम में रह रहा है। आश्रम में रहने वाले लोगों ने आरोपी पति को पुलिस के हवाले कर दिया है।
हरदोई जिले के माधवगंज थाना क्षेत्र के ग्राम उदरा पचलाई निवासी मनोहर लाल त्रिवेदी साधु है। इन दिनों वह अपने परिवार के साथ स्वामी नारदानंद आश्रम में रह रहा है। मनोहर का पुत्र राजीव स्मैक के नशे का आदी है। रविवार सुबह वह पत्नी आशा देवी (38) से नशा करने के लिए 100 रुपये मांग रहा था।
पत्नी ने रुपये देने से इन्कार कर दिया तो राजीव हंगामा करने लगा। इसी बीच वह घर में रखा हथौड़ा ले आया और पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। उधर, आशा की चीख सुनते ही आश्रम में रह रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे और राजू को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। तब तक आशा गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।