ठाकुरगंज में किराए के मकान में रह रही बीटीसी प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने रविवार को फांसी लगा ली। उसकी लाश पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकती मिली। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। अलबत्ता उसके मोबाइल में ‘आई हेट यू’ का एसएमएस मिला जो कि रात तीन बजे भेजा गया था।
एसएमएस वाले नंबर पर ही छात्रा की कई बार बात हुई थी। पुलिस का मानना है कि खुदकुशी और इस एसएमएस में कनेक्शन है। एसओ ठाकुरगंज समर बहादुर यादव ने बताया कि हरदोई के महाराजगंज निवासी रेलवे कर्मचारी नंदलाल की बेटी रोशनी (21) माल थानाक्षेत्र के रेहता गांव स्थित एलएन अकादमी में बीटीसी प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
वह ठाकुरगंज के बालागंज स्थित रस्तोगीनगर में किराए के मकान में जुलाई से सहेली रुचि वर्मा के साथ रह रही थी। दो दिन पहले रुचि अपने गांव चली गई थी। रविवार सुबह रोशनी की बड़ी बहन विमला उसके रूम पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा पीटने पर भी कोई हरकत नहीं हुई तो पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल में बंद है मौत का राज
पुलिस ने कुंडी तोड़कर दरवाजा खोला तो उसकी लाश पंखे से लटकी मिली। कमरे में मोबाइल चार्जिंग में लगा हुआ था, जिसमें गाना बज रहा था, जबकि लैपटॉप पास में रखा था।
सुसाइड नोट बरामद न होने की वजह से खुदकुशी के साफ कारणों का पता नहीं लग सका। हालांकि पुलिस मोबाइल फोन की कॉल डिटेल चेक की तो पता चला कि रात तीन बजे के पहले तक रोशनी की किसी युवक से बात हुई थी। उसी ने ‘आई हेट यू’ का मैसेज भी किया था।
एसओ ठाकुरगंज के मुताबिक पता लगाया जा रहा है कि मैसेज करने वाले युवक से रोशनी का क्या रिश्ता था। इस बात की भी जांच की जा रही है कि रोशनी को कोई मानसिक रूप से प्रताड़ित तो नहीं करता था। इस मामले में उसकी सहेलियों से भी पूछताछ की जाएगी।
रोशनी होशियार होने के साथ-साथ सभी की लाडली भी थी। पिता नंदलाल रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होने के बावजूद उसे खूब पढ़ाना चाहते थे। उसकी बड़ी बहन लखनऊ में ही एमसी सक्सेना इंजीनियरिंग कॉलेज से एमबीए कर रही है।