पारा थाना क्षेत्र के सरोसा भरोसा में बुधवार को आम के बाग में मिली युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट रूह कंपा देने वाली है।
दिल्ली और मोहनलालगंज कांड की तरह ही हरदोई की युवती को दरिंदगी के बाद मारा गया था। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
दोनों ने पूछताछ में कातिलों का सुराग दिया है। पुलिस कातिलों की तलाश कर रही है।
युवती की शिनाख्त हो जाने के बाद डॉक्टरों के पैनल ने रविवार दोपहर वीडियो कैमरे के सामने शव का पोस्टमार्टम किया।
मौत की वजह गला घोंटना पाया गया। दरिंदों ने युवती के सिर व चेहरे पर ठोस हथियार से वार किए गए थे। यही नहीं उसके नाजुक अंग पर डंडे या रॉड से वार किए थे।
डॉक्टरों का मानना है कि इसी वजह से युवती की आंतें बाहर आ गई थीं। युवती के नाखून सुरक्षित रखे गए हैं।
पुलिस का मानना है कि जान बचाने के लिए संघर्ष के दौरान युवती ने कातिलों को नोचने की कोशिश की होगी ऐसे में उसके नाखून में कातिलों के खाल के अंश फंसे हो सकते हैं।
डीएनए टेस्ट कराकर कातिलों को सजा दिलाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा स्लाइड व कुछ अन्य अंग परीक्षण के लिए सुरक्षित किए गए हैं।
इंस्पेक्टर-दरोगा लाइन हाजिर
दरिंदगी के बाद मारी गई युवती 19 अक्तूबर की रात काकोरी के मौदा गांव के पास निर्माणाधीन इमारत में कुछ युवकों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिली थी।
पुलिसकर्मियों ने तह तक जाए बगैर युवती को अशोक विहार ले जाकर छोड़ दिया और कुछ घंटे हिरासत में रखने के बाद युवकों को भी छोड़ दिया।
यहीं से युवकों ने युवती से बैर मान लिया था। माना जा रहा है कि पुलिस संजीदगी से कार्रवाई करती तो शायद इतनी बड़ी वारदात न होती।
लापरवाही के चलते एसएसपी प्रवीण कुमार ने काकोरी के तत्कालीन इंस्पेक्टर मुखराम यादव व एसआई जनार्दन सिंह को रविवार रात लाइन हाजिर कर दिया है।
मुखराम यादव वर्तमान में मड़ियांव थाना प्रभारी थे। पुलिस कर्मियों की लापरवाही की विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।
ये था मामला
पारा के सरोसा भरोसा गांव में बुधवार दोपहर आम के बाग में युवती का अर्द्धनग्न शव पाया गया था।
मृतका की नाक व निजी अंगों से खून निकल रहा था। दाहिने हाथ पर दिल के निशान का टैटू था जिसके भीतर आई लव यू और बाहर सुधा डी.ए.वी.के. लिखा था।
एसएसपी प्रवीण कुमार सहित अन्य अफसरों ने घटनास्थल पहुंचकर मुआयना किया।
शव की सूचना गांव के प्रधान बनवारी लाल रावत ने पुलिस को दी थी। युवती का शव सड़क से करीब पचास मीटर अंदर मुजफ्फरखेड़ा गांव निवासी सद्दन के आम के बाग में मिला।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने रविवार रात ठाकुरगंज के भुंवर गांव निवासी राकेश और बंथरा के जुनैबगंज निवासी मो. कादिर को गिरफ्तार किया है।
अब तक की तहकीकात में सामने आया है कि घर से भागी युवती गलत धंधे के चक्रव्यूह में फंसकर कई लोगों के संपर्क में आई थी।