पेट्रोल पंपों पर मशीनों से छेड़छाड़ हुई
- फोटो : amar ujala
लखनऊ में संचालित पेट्रोल पंपों पर घटतौली व मशीनों में की गई गड़बड़ी पकड़ने को अभियान के अंतिम दिन शनिवार को टीमों ने 20 पेट्रोल पंपों की पड़ताल की।
इस दौरान गोपरामऊ माल इलाके में संचालित हमारा पेट्रोल पंप पर जांच टीम को एक डिस्पेंसर यूनिट की सुरक्षा सील टूटी मिली।
जांच में पता चला कि डिस्पेंसर यूनिट के मशीन पार्ट के साथ बाहरी स्तर पर टैंपरिंग कर एक्स्ट्रा सोल्डरिंग की कोशिश हुई है। जांच टीम ने इसे रिमोट डिवाइस लगाने व निकाले जाने से जुड़ा गंभीर मामला मानकर पंप की चिह्नित डिस्पेंसर यूनिट को सीज कर दिया।
वहीं इससे जुड़े दोनों नोजिल से वितरण कार्य पर रोक लगा दी। एक अन्य टीम ने सीतापुर रोड स्थित श्री साई ऑटोमोबाइल्स पर जांच के दौरान एक डिस्पेंसर यूनिट की दोनों नोजिल की पल्सर यूनिट में अतिरिक्त फिटिंग व टैंपरिंग को पकड़ा। इस डिस्पेंसर यूनिट को भी सीज कर वितरण बंद कराने की कार्रवाई की गई।