गांव में पूछताछ करती पुलिस टीम।
- फोटो : amar ujala
बहराइच जिले के बरौलिया गांव में भाइयों के बीच हुए विवाद को निपटाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया जिसमें दरोगा का सिर फट गया। जबकि होमगार्ड को भी चोट आई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरदी के बरौलिया गांव में तीन सगे भाई मालती प्रसाद, भगवती एवं पारसनाथ में जमीनी विवाद को लेकर सोमवार सुबह कहासुनी होने लगी। मामले को बढ़ता देखकर मालती प्रसाद की पत्नी मीरा देवी ने डायल 100 पर फोन कर दिया।
मौके पर होमगार्ड पंकज तिवारी व दरोगा संतोष कुमार बाजपेई पहुंचे। वो दोनों पक्ष के लोगों को गाड़ी में बैठाकर थाना हरदी ले जा रहे थे तभी बेटे को रोता देख पिता वासुदेव उसे गाड़ी से उतारने लगे।
पुलिस ने सोचा कि वह भाग रहा है। इसी बीच में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापाई होने लगी। जिसमें दरोगा संतोष कुमार बाजपेई के सिर पर चोट आ गई तथा हाथ का अंगूठा टूट गया। गाड़ी चालक पंकज तिवारी भी घायल हुआ। दो ग्रामीणों को भी चोट आई है।
आधे घंटे बाद फोन कर थाने से फोर्स बुलाई गई। एसओ आरपी यादव भी मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।