25 साल पहले ही दुनिया छोड़ चुके एक व्यक्ति को दहेज हत्या का आरोपी बना दिया गया।
यही नहीं 85 साल की बुजुर्ग महिला को भी इसी मामले में आरोपी बनाया गया है, जो कि चलने में भी लाचार है।
सोमवार सुबह जब एसओ जांच करने आरोपी के घर पहुंचे तो इसका खुलासा हुआ।
पुलिस का कहना है कि फर्जी नामजदगी कराने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
धानेपुर क्षेत्र के महेशभारी गांव के मजरा बढ़ईपुरवा निवासी विनोद कुमार पांडेय की पत्नी सुमन की 26 अगस्त को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
सुमन के पिता गजेंद्र दत्त पांडेय ने ससुराल वालों पर दहेज में बाइक और सोने की चेन मांगने का आरोप लगाते हुए एसपी को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी।
इस पर मामले में सुमन के पति विनोद, ससुर बुधराम पांडेय, सास, ननद, विनोद की दादी ब्रम्हदेई व दादा झिंगई को आरोपी बनाया गया।
एसपी के निर्देश पर सभी के खिलाफ थाना धानेपुर में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
थानाध्यक्ष धानेपुर देवेंद्र पांडेय ने बताया कि जब वह मामले की जांच करने सोमवार सुबह विनोद के घर पहुंचे तो पता चला कि दादा झिंगई की 25 साल पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दादी ब्रम्हदेई 85 साल की हैं जो चलने में भी लाचार हैं।