पूर्व सांसद व हिस्ट्रीशीटर रिजवान जहीर।
- फोटो : amar ujala
पूर्व सांसद व हिस्ट्रीशीटर रिजवान जहीर के खिलाफ पुलिस ने एनएसए की कार्रवाई कर दी है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के दौरान तुलसीपुर थाना क्षेत्र के बेलीकला गांव में रिजवान जहीर व कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों के बीच हिंसा हुई थी। हिंसा के दौरान कांग्रेस समर्थकों के दो वाहनों को जला दिया गया था और दो वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।
एसपी हेमंत कुटियाल ने शनिवार को बताया कि 26 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के दिन तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलीकला में रिजवान जहीर व यूथ कांग्रेस मध्य जोन के पूर्व अध्यक्ष दीपांकर सिंह के बीच हिंसा हुई थी।
घटना में दीपांकर सिंह के दो वाहनों को जला दिया गया था और दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। तुलसीपुर थाने में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त रिजवान जहीर समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
घटना में शामिल रिजवान जहीर की आगजनी व लोक व्यवस्था छिन्न-भिन्न करने में अग्रणी भूमिका रही है। इस प्रकरण में 27 अप्रैल को पुलिस ने रिजवान जहीर व अन्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में लिया और जिला कारागार में निरुद्ध करा दिया।
अभियुक्त रिजवान जहीर के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। रिजवान जहीर के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा, शस्त्र अधिनियम व एनएसए के तहत कुल 14 मामले पंजीकृत हैं।