राजधानी के नए एसएसपी प्रवीण कुमार ने सोमवार सुबह चार्ज संभालने के साथ मातहतों से अनेक बिंदुओं पर जानकारी की। सभी थानों की पुलिस को सड़क पर नजर आने और सक्रिय रहने के आदेश दिए।
राजधानी के एसएसपी का कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से रूबरू हुए वर्ष 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि पहले से कई अच्छी योजनाएं चल रही हैं।
इन पर नई ऊर्जा के साथ काम करने की जरूरत है। पुलिस के सड़क पर नजर आने व सक्रिय रहने से अपराधियों के हौसले पस्त होते हैं। सभी थाना प्रभारियों को सड़क पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा खास स्थानों पर ड्यूटी के लिए अतिरिक्त फोर्स उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने व अपराध नियंत्रण में जागरूक नागरिकों का सहयोग लिया जाएगा।
पुलिस में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। हर शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जाएगी। जागरूक नागरिक उन्हें फोन कर घूसखोरी व अन्य खास जानकारी दे सकेंगे और एसएमएस भी भेज सकते हैं।
सीयूजी नंबर बंद किया तो खैर नहीं
थाना प्रभारियों व कुछ अफसरों द्वारा सीयूजी फोन बंद कर लेने की शिकायत पर एसएसपी ने कहा कि संवादहीनता व सीयूजी मोबाइल बंद होने की दशा में संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
अनेक थानों के बेसिक फोन खराब या कनेक्शन कटे होने के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि थाने के फोन का बिल बकाया होने की स्थिति में कॉल करने की सुविधा समाप्त की जा सकती है।
लेकिन इनकमिंग कॉल बंद नहीं की जा सकती। पीआरओ को सभी थानों के फोन की स्थिति पता लगाने के आदेश देते हुए कहा कि जल्द ही सभी थानों के फोन में घंटी बजनी शुरू हो जाएगी।
थाने जाने में हिचकने वाली महिलाएं व अन्य लोग अब एसएमएस या ई-मेल के जरिए पुलिस की मदद ले सकेंगे। एसएसपी या संबंधित अधिकारी को अपनी समस्या का एसएमएस भेजने पर कार्रवाई शुरू हो जाएगी।