बख्शी का तालाब के एक गांव में बुधवार सुबह रिटायर्ड शिक्षक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह मौके पर ही एक घंटे तक तड़पते रहे। उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य की तलाश की जा रही है। मुख्य आरोपी से किसी बात को लेकर रंजिश को हत्या की वजह बताई जा रही है।
बीकेटी के गांव राजापुर इंदौराबाद निवासी शाकिर अली (63) देवरई कला स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद से तीन वर्ष पहले रिटायर हुए थे। रिटायर होने के बाद वह घर पर गांव के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे।
शिक्षक की बेटी ने बताया हत्यारे का नाम
बुधवार सुबह वह तालाब तक जाने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी देर तक घर न लौटने पर बेटा यासीन उनकी तलाश में निकला था। तालाब किनारे शाकिर लहूलुहान हालात में तड़पते मिले।
ग्रामीणों की मदद से यासीन ने शाकिर को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शाकिर की बेटी जुबैदा ने गांव के ही छोटकन्ने व उसके दो अज्ञात साथियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
बेटी के मुताबिक, छोटकन्ने से कुछ दिन पहले उसके पिता का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। छोटकन्ने ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोप है कि बुधवार सुबह छोटकन्ने ने अपने दो अन्य साथियों के साथ शाकिर अली की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने छोटकन्ने को गिरफ्तार कर लिया है।