किशोरी ने बताया कि जब उसके ससुरालवाले उसे जबरन ले जाने की कोशिश करने लगे तो उसने पहले डायल 100 पर फोन किया, तो उसे बताया गया कि पीआरवी 925 मौके के लिए रवाना हो गई है।
इस दौरान 10 मिनट के अंदर बालिका ने लगातार तीन बार फोन कर रोते हुए कहा कि अंकल जल्दी आओ और मुझे बचा लो। इस पर पुलिस ने कहा बेटी धैर्य रखो, हम आ रहे हैं। तुम्हें कुछ नहीं होगा।
रश्मि ने बताया कि वह अभी हाईस्कूल की छात्रा है और आगे पढ़ना चाहती है। वह भले ही गरीब है लेकिन पढ़ लिखकर महिलाओं के प्रति अत्याचार और बाल विवाह के विरुद्ध मुहिम शुरू करेगी। बताया कि बाल विवाह की कुरीति के बारे में किताब में राजा राम मोहन राय की जीवनी पढ़ने के बाद पता चला और इधर मेरे ऊपर हो रहे जुल्म उन कुरीतियों से मेल भी खा रहे थे। इससे हौसला पाकर उसने ससुराल जाने का विरोध किया और अंत में पुलिस को बुलाया।