बिधनू में पत्नी को प्रेमी से फोन पर बात करते देख आवेश में आए एक युवक ने साबड़ से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी।
उधर इसका पता चलने पर प्रेमी अतुल ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने हत्यारोपी पति को हिरासत में लिया है और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी पति प्रेम नारायण को हिरासत में लिया। गुरुवार सुबह अर्चना के पिता चंद्रशेखर तिवारी ने दो लाख, बाइक की मांग का आरोप लगाते हुए बिधनू थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बिधनू कुलहौली गांव का रहने वाला प्रेम नारायण जोधपुर की एक गुटखा फैक्ट्री में नौकरी करता है।
एक साल पहले हुई थी शादी
घर पर पिता, भाई सुधीर नारायण और बहन राधा रहती हैं। प्रेम नारायण का 17 अप्रैल 2014 में घाटमपुर बरौर निवासी चंद्रशेखर तिवारी की बेटी अर्चना (25) से विवाह हुआ था।
पुलिस ने बताया कि अर्चना के प्रेम प्रसंग के चलते शादी के बाद से ही दोनो के बीच अनबन बनी रहती थी। 31 मार्च को प्रेमनारायण जोधपुर से छुट्टी पर आया तो अगले ही दिन पत्नी अर्चना को मायके से लाया था।
प्रेमनारायण ने बताया कि बुधवार रात को हमेशा की तरह फोन पर बात करने से मना किया तो झगड़ा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रेमनारायण ने अर्चना के सिर पर साबड़ से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया।
घर में मौजूद पिता, भाई पास के एक निजी अस्पताल ले गए जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चचेरी बुआ लगती थी अर्चना
अर्चना, अतुल की चचेरी बुआ लगती थी। अतुल सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। गुरुवार सुबह जब अर्चना की मौत की खबर पहुंची तो अतुल खेत से भागकर अपने घर पहुंचा।
गांववालों ने बताया कि पहले तो अतुल काफी देर तक रोता रहा और फिर कमरे के भीतर चला गया।
वहीं पर उसने छत में लगी धन्नी में फंदा डालकर फांसी लगा ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के पीछे अतुल का अपनी चचेरी बुआ अर्चना से बेहद लगाव होना बताया जा रहा है।