पत्नी ने अवैध संबंधों का विरोध किया तो पति हैवान बन गया। शुक्रवार देर रात उसने पत्नी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, फिर गड़ासे से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया।
ग्राम टेड़वा सिस्टीपुर के ग्रामीणों की सूचना पर मायके के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को हरदी थाने ले गए लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। एसओ ने पीड़िता को भगा दिया।
फिर घरवालों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रात में एसपी अस्पताल पहुंची और पीड़िता का हाल लिया। फिर एसओ को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने पति, सास-ससुर और जेठानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम टेड़वा सिस्टीपुर टेड़िया गांव निवासी हसीना (24) के पति मोहम्मद अहमद का संबंध अरसे से गांव की ही एक महिला से है। हसीना इसका विरोध करती थी। कई बार मायके के लोगों ने भी अहमद को समझाया लेकिन उसकी हरकत बंद नहीं हुई।