फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम वैन से दिनदहाड़े एक करोड़ 33 लाख की लूट

Sat, 17 Jan 2015 09:48 PM IST
विवेक त्रिपाठी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
राजधानी में बेखौफ बदमाशों ने एटीएम में कैश भरने वाली वैन से एक करोड़ 33 लाख रुपये लूट लिए। वारदात शनिवार दोपहर ढाई बजे विधानसभा मार्ग पर उस समय हुई जब निजी कंपनी रायटर सेफगार्ड के कर्मचारी बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में कैश भरने पहुंचे थे।
विज्ञापन


बैंक के एटीएम में घुसते ही बदमाशों ने गार्ड और ड्राइवर को बातों में उलझाकर वैन में रखा कैश से भरा बॉक्स ले उड़े। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस, कैसरबाग कोतवाली की पुलिस सहित कई टीमें लगाई गई हैं।

रायटर सेफगार्ड कंपनी के दो कर्मचारियों, एक गनर और एटीएम बूथ के सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर अमीनाबाद कोतवाली में पूछताछ होती रही।

एटीएम में कैश भरने के लिए रायटर सेफगार्ड की वैन सुबह करीब 11 बजे विभूतिखंड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के करेंसी चेस्ट से एक करोड़ 90 लाख रुपये लेकर निकली थी। बैंक के दो एटीएम में 21-21 लाख रुपये भरने के बाद वैन बर्लिंग्टन चौराहे के पास दीप होटल के सामने स्थित एटीएम पहुंची।
विज्ञापन
Trending Videos

बातों में उलझाकर पांच मिनट में ले उड़े कैश से भरा बॉक्स

कैश भरने वाली कंपनी का कर्मचारी अनुराग तिवारी और हिमांशु जब एटीएम में 15 लाख रुपये भरने गए थे तो सिक्योरिटी गार्ड ज्ञानेंद्र और ड्राइवर राम प्यारे बाहर वैन के पास थे। ज्ञानेंद्र ने बताया कि इसी दौरान दो लोग आए और एटीएम से कैश निकालने व पता पूछने के बहाने बातों में उलझा लिया।

वैन की तरफ से उन दोनों का ध्यान हटते ही बदमाश वैन में रखा बॉक्स ले उड़े। करीब 15 मिनट बाद जब अनुराग और हिमांशु कैश भरकर लौटे तो बॉक्स गायब मिले। ड्राइवर और  गार्ड ने बताया कि बदमाश 5 मिनट में अपना काम कर गए।

साउथ इंडियन जैसे थे बदमाश, कहा बंगलूरू से घूमने आए हैं
ड्राइवर रामप्यारे और सिक्योरिटी गार्ड ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि बदमाशों की संख्या तीन से चार या उससे अधिक रही होगी। हालांकि उनके पास सिर्फ दो लोग आए थे।

एक ने एटीएम बूथ के भीतर जाने की कोशिश की तो गार्ड ने उसे रोका। इस पर वह गार्ड से उलझा था। इस बीच, दूसरे बदमाश ने रामप्यारे से लालबाग का रास्ता पूछा। उसने कहा कि वह बंगलूरू से घूमने के लिए यहां आया है। उसने राजधानी के प्रसिद्ध जगहों के बारे में भी जानकारी ली।
विज्ञापन

एसएसपी ने कहा, ये लूट नहीं टप्पेबाजी

हाई सिक्योरिटी जोन में लूट की वारदात ने सनसनी मचा दी। कैसरबाग, नाका, हुसैनगंज सहित आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।

एटीएम बूथ के गार्ड और कंपनी के चारों कर्मचारियों को अमीनाबाद कोतवाली ले आया गया जहां डीआईजी आरके चतुर्वेदी और एसएसपी यशस्वी यादव सहित एएसपी पश्चिम अजय कुमार मिश्रा, एएसपी क्राइम दिनेश कुमार सिंह व सीओ कैसरबाग हृदेश कठेरिया ने उनसे पूछताछ की।

होर्डिंग लगे लेकिन सीसीटीवी कैमरे नहीं
‘आप कैमरे की नजर में हैं...’ राजधानी के कोने-कोने में ऐसे होर्डिंग लगे हैं। पर जहां वारदात हुई वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इससे पुलिस के सामने बदमाशों को ढूंढने की चुनौती खड़ी हो गई है।

इस पर एसएसपी यशस्वी यादव का कहना है कि यह लूट नहीं टप्पेबाजी है। वारदात के पीछे कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर छानबीन के साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल टावर खंगाले जा रहे हैं। जल्द बदमाशों का सुराग लगा लिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें