एक रुपये की खातिर हुए विवाद पर चौकी लाए गए दबंगों ने एक सिपाही को ही पीट दिया। दरोगा बचाने दौड़ा तो गुंडों ने उस पर भी हमला कर स्टार नोच डाले।
सिपाही का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने चौकी में ही दूसरे पक्ष के लोगों को पीट रहे दबंग को टोक दिया था। उधर, पुलिस आरोपियों पर सख्ती बरतती, इससे पहले ही माननीयों ने दबाव डालना शुरू कर दिया।
नतीजतन मार खाने के बाद भी पुलिस को दबंगों के खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई कर मामला निपटाना पड़ा। करीब दो घंटे तक बवाल चला।
खैराबाद कस्बे के मियां सरायं निवासी आसिफ की खैराबाद रेलवे स्टेशन के सामने हाईवे किनारे पान की दुकान है। शनिवार दोपहर कस्बे के तोपखाना निवासी वाजिद, सबी व आमिर दुकान पर पान मसाला लेने पहुंचे। खरीदारी के बाद दुकानदार व दूसरा पक्ष एक रुपये के खातिर आपस में भिड़ गए।
बात बढ़ी तो मसाला ले रहे तीनों लोगों ने आसिफ को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान सूचना पाकर दुकानदार के भाई महताब व सहदा भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।