सीतापुर जिले के थाना हरगांव इलाके में मंगलवार की देर रात घर छोड़कर प्रेमी के साथ जा रही युवती की हादसे में जान चली गई। आरोप है कि युवती के घर से भागने की जानकारी मिलने के बाद उसका पीछा कर रहे परिजनों को देखकर प्रेमी ने उसे धक्का दे दिया, इससे चलती बाइक से गिरकर उसकी मौत हो गई।
युवती को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया है। हादसा हरगांव इलाके के सेमरी भान के पास हुआ है। परिजनों ने शादाब नाम के युवक पर बेटी को भगाने और उसे धक्का देकर मारने का आरोप लगाया है।
हरगांव पुलिस कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।