लखनऊ में एक मिठाई की दुकान पर पुराने 500 के नोट को लेकर जमकर हंगामा हुआ। दुकानदार का आरोप है कि खस्ता लेने आए लड़कों ने उसे जमकर पीटा और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है।
डालीगंज इलाके के रहने वाले संजय सिंह की फैजाबाद रोड पर नन्हे स्वीट्स के नाम से दुकान है। संजय ने बताया कि सोमवार दोपहर 12 बजे चार लड़के उसकी दुकान पर आए। उन्होंने चार खस्ते लिए और बदले में पांच सौ का पुराना नोट दिया।
संजय ने जब ये नोट लेने से इंकार किया तो उनके बीच कहासुनी हो गई। संजय के बताया, मैंने उनसे 500 रुपये लेकर रख लिए और कहा कि 40 रुपये लेकर आना और 500 रुपये ले जाना। इस पर चारों चले गए लेकिन कुछ देर बाद 40-50 लड़के लेकर आए और मुझे लात-घूंसों और रॉड से सिर पर मारा।
दुकानदार ने बताया कि लड़कों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और कहा कि दोबारा आएंगे और पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।