घायल युवती का आरोप है कि बीते 18 अप्रैल को पास के गांव में शादी में वह बहनों के साथ गई थी। शादी से लौटने में देर होने पर पिता ने तीनों की पिटाई कर घर से भगा दिया था। दो रात तीनों ने दादी के घर के बाहर छप्पर के नीचे काटी।
आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब वह घर के अंदर गई तो पिता ने डंडे से तीनों की फिर पिटाई कर दी। आए दिन मारपीट व घिनौनी हरकतों से तंग आकर तीनों बहनों ने आत्महत्या करने की ठानी।
तीनों बहनों ने आरपीएफ को बताया कि उनके पिता तीन शादी कर चुके हैं। पहली शादी उनकी मां के साथ की थी जिससे पांच बहनें व एक भाई है। प्रताड़ना से तंग आकर मां भी करीब पांच साल पहले चली गई थी और उनका केस चल रहा है।
उसके बाद दूसरी शादी की जिससे दो बच्चे थे वह भी घर छोड़कर चली गई। अब तीसरी पत्नी के साथ फैजाबाद में रह रहे हैं, जिससे भी तीन बच्चे हैं।
रामसनेहीघाट के क्षेत्राधिकारी एसके राय ने बताया कि ट्रेन के आगे कूदकर युवती का पैर कटने की शिकायत पर पुलिस पहुंची थी। किशोरियों के बयान के आधार पर पुलिस घर पहुंची तो पिता गायब था। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, रेवले पुलिस के सब इंस्पेक्टर समर सिंह का कहना है कि फैजाबाद पैसेंजर के आगे कूदकर युवती का पैर कटने की सूचना मिली थी। तीनों बहनों का बयान दर्ज किया गया है। इसमें युवती ने पिता पर कई अश्लील हरकतें करने व मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। आरपीएफ आत्महत्या के प्रयास की जांच कर रही है।