आलमबाग बस अड्डे पर गुरुवार रात नशे में धुत शोहदों ने एक युवती से न केवल छेड़खानी की बल्कि उसे खींचकर बस की ओर ले जाने की कोशिश भी की।
वह चीखती चिल्लाती रही लेकिन प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में से कोई भी उसकी मदद को आगे नहीं बढ़ा। किसी तरह शोहदों के चंगुल से छूटी युवती ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।
आलमबाग पुलिस जब तब तक बस अड्डे पहुंची एक शोहदा वॉल्वो से निकल चुका था जबकि उसे छोड़ने आए दो युवक अपने घर। आधी रात पुलिस ने सोहरामऊ पुलिस की मदद से वॉल्वो रुकवाकर शोहदे को दबोच लिया।
पकड़ा गया आरोपी बीटेक छात्र है। अन्य दो की तलाश की जा रही है। मूलरूप से मेरठ की रहने वाली सारिका (27) की शादी इंदिरानगर के आशीष कुमार (दोनों परिवर्तित नाम) से हुई थी।
शादी के कुछ दिन बाद से पति से अलग रह रहीं सारिका एक एनजीओ चलाती हैं। सारिका के मुताबिक उन्हें एनजीओ के काम से दिल्ली आना-जाना पड़ता है।
दिल्ली जाने के लिए गुुरुवार रात करीब 10.30 बजे वह आलमबाग बस अड्डे पहुंची। बस अड्डे के प्लेटफार्म पर बैठकर वॉल्वो का इंतजार कर रही थीं कि, शराब के नशे में धुत तीन युवक आए और अश्लील टिप्पणी करने लगे।
विरोध पर तीनों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ पकड़ लिया और खींचते हुए एक खाली बस की ओर ले जाने लगे। शोहदों की हरकत से सहमी सारिका दिल्ली जा रही एक वॉल्वो में सवार हो गईं।
कंडक्टर से टिकट बनाने का अनुरोध करने लगीं। तभी तीनों शोहदे भी बस में चढ़ गए और हाथ पकड़ लिया। कंडक्टर के फटकारने पर शोहदों ने उससे भी अभद्रता की।
डरकर बस से उतरकर जब वह प्लेटफार्म पर आईं तो अपने एक साथी को वॉल्वो में बैठा दो युवक प्लेटफार्म पर आ गए। बचाव के लिए वह शोर मचाती रहीं लेकिन कोई आगे नहीं आया।
सूचना पर पहुंची आलमबाग पुलिस ने सारिका से पूछताछ कर वॉल्वो का नंबर लिया और उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाने की पुलिस की मदद से वॉल्वो से एक शोहदे को दबोच लिया।
सोहरामऊ पुलिस ने शोहदे को आलमबाग पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए शोहदे की पहचान गोमतीनगर के विपुलखंड निवासी भरत विक्रम सिंह के रूप में हुई।
वह नोएडा के एक प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक कर रहा है। नोएडा में हॉस्टल में रहता है। भरत ने अपने दो और साथियों के नाम भी कुबूले हैं। पुलिस दोनों की तलाश में गोमतीनगर इलाके में दबिश दी है।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)