लखनऊ के गोमतीनगर थाने में विकास खंड स्थिति मेयो अस्पताल के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा डीएम के आदेश पर एसीएमओ डॉ. एमके सिंह ने दर्ज कराया है। आरोप है कि अस्पताल ने कोविड-19 मरीजों से प्रावधान के तहत तय रकम से ज्यादा वसूली की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर केशव तिवारी के मुताबिक एसीएमओ डॉ. एमके सिंह ने तहरीर दी, जिसमें 19 मई को नेहा भट्ट द्वारा शिकायत करने की बात कही गई है। अस्पताल पर आरोप है कि मरीजों से इलाज के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की जा रही है।
शिकायत मिलने पर डीएम अभिषेक प्रकाश ने कमेटी का गठन किया, जिसमें एसडीएम सदर अनूप कुमार श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी व डॉ. सुरेश पांडेय शामिल थे। टीम ने जांच की तो आरोप सही पाए गए। मरीज सावित्री सनवाल का 13 अप्रैल से अस्पताल में इलाज चल रहा था।
उसके सभी दस्तावेज की जांच की गई, जिसमें अस्पताल के संचालक व प्रबंधक द्वारा प्रावधानों के तहत निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त रकम वसूला जाना पाया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अभिषेक प्रकाश ने मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया था।