अवैध रूप से मकान के अन्दर पटाखा बना रहे एक घर में हुए विस्फोट से आसपास के लोग दहल गये। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड के सहयोग से घर में लगी आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना पर कई थानों की पुलिस व एसडीएम ने मौका मुआयना किया। हादसे में घायल हुईं महिला को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से आरोपी पटाखा कारोबारी व उसका भाई मौके से भाग निकला है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर इनकी तीन दुकानों को सीज किया है। मामला सफदरगंज थानाक्षेत्र के ग्राम महमूदाबाद का है। यहां के निवासी नियाज के घर पर गुरुवार की भोर पटाखा बनाते समय अचानक विस्फोट हो गया।
इस घटना में नियाज की पत्नी शकीला बानो गंभीर रूप से घायल हो गई व घर में रखी बारूद में आग लगने से देखते ही देखते तेज आवाज के साथ आस-पास इलाके में दहशत फैल गई।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि छत में सुराख हो गया और घर के सभी दरवाजे व दीवारें चटक गयीं। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में पहुंचाया गया जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। बताते है कि घायल महिला की एक बेटी को भी मामूली चोट पहुंची है लेकिन वह किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराई गई है।