राजधानी के फाइव स्टार ताज होटल से मंगलवार को यूएसए के डॉक्टर अमन जलोटा की पत्नी राखी जलोटा का हीरे का नेकलेस और दो कंगन चोरी हो गए। अमन भजन सम्राट अनूप जलोटा के छोटे भाई हैं और यूएसए के कार्ल्टन ड्राई, काटलेट, इलेनॉच में रहते हैं।
सोमवार को ही वह अपनी शादी के लिए लखनऊ के चिनहट स्थित गोल्डन ब्लॉसम रिजॉर्ट आए थे। शादी के बाद वह ताज होटल के कमरा नंबर 333 पहुंचे, जहां रूम सर्विस के दौरान उनके जेवर चोरी हो गए।
गोमतीनगर एसओ अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि नेकलेस और कंगन की कीमत करीब छह लाख रुपये है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई गई है।
एसओ ने बताया कि अमन सोमवार शाम को होटल आए और कमरा नंबर 333 बुक कराया। मंगलवार को वह पत्नी राखी के साथ किसी दोस्त की तरफ से आयोजित डिनर पार्टी में चले गए। रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों होटल लौटकर आए।
चोरी के पीछे होटल के स्टॉफ का हाथ होने की आशंका
चचोरी के बाद ताज होटल में पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बकौल डॉ. अमन, कमरे में ही हरे रंग के मखमल के पाउच में उनकी पत्नी का हीरे का नेकलेस और दो कंगन रखे थे, जो गायब मिले। उन्होंने कमरे में पाउच की तलाश की। कुछ पता न चलने पर उन्होंने रिसेप्शन में फोन कर हीरे का सेट गायब होने की जानकारी दी।
ताज होटल के कमरे से जेवरों की चोरी की खबर से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर गोमतीनगर एसओ अखिलेश चंद्र पांडेय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने डॉ. अमन और होटल के स्टाफ से जानकारी ली।
डॉ. अमन का कहना है कि उन्होंने होटल के स्टाफ के साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी है। उन्होंने चोरी की वारदात में होटल के ही किसी कर्मचारी का हाथ होने की आशंका जताई है। डॉ. अमन का कहना है कि शाम करीब चार से छह बजे के बीच रूम सर्विस के लिए आए कर्मचारियों ने नेकलेस और कंगन चोरी किए होंगे।