फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 36 हजार के जाली नोटों के साथ सभासद गिरफ्तार

Wed, 29 Apr 2015 10:12 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पचपेड़वा (बलरामपुर)।
विज्ञापन
विज्ञापन
एसएसबी 50वीं वाहिनी त्रिलोकपुर ने 36 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ पचपेड़वा नगर पंचायत के सभासद को गिरफ्तार किया है। आरोपी को नोटों के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए पचपेड़वा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
विज्ञापन


वहीं सभासद के पकड़े जाने से नाराज सैकडों नगरवासियों ने दुकानें बंद कर पचपेड़वा थाने में सभासद को निर्दोष बताते हुए ससम्मान रिहा किए जाने की मांग की।

नगरवासियों ने सभासद के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराने की मांग की। सीओ के समझाने-बुझाने पर नगरवासियों का गुस्सा शांत हुआ।

बुधवार को एसएसबी 50वीं वाहिनी कमांडेंट डीबी सोनार ने बताया कि मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर एक बाइक सवार भाथर चौराहे के निकट पकड़ा गया है।

बाइक की टूलकिट से 36 हजार रुपये के जाली नोट बरामद हुए हैं। पकड़े गए सभी नोट एक-एक हजार के हैं। व्यक्ति की पहचान धर्मेन्द्र कुमार गुप्ता उर्फ पिंटू निवासी पुरानी बाजार पचपेड़वा के रूप में हुई है।
विज्ञापन

दुकानें बंद कर व्यापारियों ने थाने का किया घेराव

धर्मेन्द्र को नोट सहित अग्रिम कार्रवाई के लिए पचपेड़वा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। धर्मेन्द्र पचपेड़वा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 का निर्वाचित सभासद है। धर्मेन्द्र की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बुधवार नगरवासी आक्रोशित हो गए।

उद्योग व्यापार मंडल के स्थानीय अध्यक्ष आगा हसन खां, पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश, हिन्दू युवा वाहिनी के जिला संयोजक नवीन विक्रम सिंह, ध्यानपाल सिंह, मनोज तिवारी, राम सरन गुप्ता आदि के नेतृत्व में सैकड़ों नगरवासी थाने पर पहुंच गए और धर्मेन्द्र को निर्दोष बताते हुए उसे साजिश के तहत फंसाए जाने की बात कही।

आक्रोश का आलम यह था कि व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं तथा थाने का घेराव कर धर्मेन्द्र के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। व्यापारी मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराने की मांग कर रहे थे।

मौके पर पहुंचे सीओ तुलसीपर बालकराम ने व्यापारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। सीओ ने यह भी आश्वासन दिया कि मामला संदेहास्पद लग रहा है। जांच में यदि धर्मेन्द्र निर्दोष पाए गए तो उन्हें दोषमुक्त कर दिया जाएगा। सीओ के समझाने पर व्यापारी शांत हो गए।
विज्ञापन

नहीं दर्ज किया गया कोई केस

पकड़े गए सभासद धर्मेन्द्र ने बताया कि उन्होंने नगर पंचायत में हुए घोटालों की शिकायत लोकायुक्त से की है। इसी रंजिश के तहत उसे साजिशन फंसाया गया है। धर्मेन्द्र ने यह भी बताया कि उसकी बाइक की टूलकिट में नोट किसी और ने रखवाया है। जिसकी जानकारी मुझे नहीं है।

धर्मेन्द्र ने थाने में नगर पंचायत अध्यक्ष मंजूर आलम तथा राजू के खिलाफ तहरीर देकर कहा है कि इन्हीं लोगों ने उसे फंसाया है हालांकि धर्मेन्द्र की तहरीर पर कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।

की जा रही है जांच
मामले पर सीओ तुलसीपुर बालकराम का कहना है कि एसएसबी की तहरीर पर धर्मेन्द्र के खिलाफ जाली नोट की तस्करी का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच एसओ अफसर परवेज करेंगे। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें