मड़ियांव में बुधवार को होली खेलने के दौरान मामूली नोकझोंक के बाद रिटायर्ड फौजी के बेटे ने मजदूर को गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने रिटायर्ड फौजी व उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव संतोष सिंह ने बताया कि नीलमथा निवासी जय प्रकाश रावत उर्फ संजय (30) पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी तीन बच्चों के साथ मड़ियांव के नौबस्ता खुर्द में किराये पर रह रहा है। पड़ोस में ही रिटायर्ड फौजी अरुण कुमार मिश्रा का मकान है।
बुधवार को होली खेलते समय जय प्रकाश रावत उसके घर के सामने जाकर बैठ गया। रिटायर्ड फौजी ने उसे वहां से भाग जाने की बात कही लेकिन उसने इन्कार कर दिया। इसी बात को लेकर उनमें नोकझोंक हुई।
रिटायर्ड फौजी से कहासुनी के बाद उसके बेटे अजीत व सोनू ने शराब के नशे में धुत होकर जय प्रकाश रावत की पिटाई की। सोनू ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से जय प्रकाश रावत को गोली मार दी। मौके पर ही जय प्रकाश की मौत हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सोनू वहां से भाग निकला। पुलिस ने अरुण कुमार मिश्रा व अजीत मिश्रा को हिरासत में ले लिया है। सोनू की तलाश में दबिश दी जा रही है।