होली की आड़ में होने वाली बदमाशियों को लेकर मुंबई पुलिस इसबार खासी चौकन्नी है। लड़कियों-महिलाओं को गुब्बारा बम से शिकार बनाने वालों की खैर नहीं होगी। होली आड़ में की गई इस हरकत को पुलिस महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की फेहरिस्त में रखेगी।
यानी पानी रंग भरा गुब्बारा फोड़ने से पहले ये बात जरूर सोच लीजिएगा कि कहीं आपको ही गुब्बारा बम का शिकार न होना पड़े।
दरअसल, ऐसा हरबार देखा गया है कि होली पर मायानगरी गुंडे-मवाली और मनचले होली खेलने की आड़ में लड़कियों-महिलाओं से छेड़खानी और बदसलूकी को अंजाम देते हैं।
त्योहार पर आपराधिक तत्वों से महिलाओं को महफूज करने के लिए मुबई पुलिस ने ये कदम उठाया है।
मिड-डे की खबर के मुताबिक मुंबई पुलिस ने फैसला किया है कि अगर रंग पंचमी के दिन महिलाओं को गुब्बारा बम का शिकार बनाया गया तो पुलिस हमलावर को बख्शेगी नहीं, शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी।
@MumbaiPolice ट्विटर हैंडर पर करें शिकायत
कहीं आपके ही सिर न फूट जाए ये बम!
- फोटो : gettyimages
पुलिस के मुताबिक शिकायत पुलिस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल @MumbaiPolice पर की जा सकती है। इसके लिए संभव हो तो हमलावर या वारदात की तस्वीर पुलिस के ट्विटर हैंडल पर डालें और नाम-पते के साथ शिकायर्त दर्ज करें।
ट्वीट मिलने के बाद पुलिस एक बार शिकायत को वैरीफाई करेगी और ऐसा होते ही पुलिस की वैन बताई गई जगह पर पहुंच जाएगी।
पुलिस ने मुंबई की लड़कियों को ये भी सुझाव दिया है कि गुब्बारा बम का शिकार होने पर वो हमलावर से झगड़ा न करें, बस पुलिस से शिकायत करें, उनकी खैर-खबर पुलिस लेगी। ऐसा सुरक्षा के लिहाज से किया जाना जरूरी है।
तो इस होली जरा बचके, क्योंकि पुलिस ने तो अपना काम कर दिया है कहीं अगर गलती से भी आपने लड़की को गुब्बारा मारा तो ये गुब्बारा बम आपको तबाह कर सकता है।