लखनऊ के मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम घर से निकला युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शनिवार सुबह उसका शव मलिहाबाद के दिलावर नगर में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। युवक की कार और मोबाइल फोन गायब है। इसके चलते लूट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर लूटपाट समेत अन्य पहलुओं पर भी छानबीन शुरू की है।
मलिहाबाद इंस्पेक्टर नित्यानंद ने बताया कि नगर पंचायत के मोहल्ला बस्ती धनवंत राय निवासी राहुल गौतम (30) पुत्र लालता गौतम ब्लॉक में ठेकेदारी करता था। शुक्रवार देर शाम वह अपनी वैगनआर कार लेकर मिर्जागंज चौराहा जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक राहुल घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे फोन किया मगर कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने राहुल की तलाश शुरू की मगर कुछ पता नहीं चला।
शनिवार सुबह दिलावर नगर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो मृतक के कपड़ों में आधार कार्ड मिला। इससे उसकी शिनाख्त राहुल गौतम के रूप में हुई। पुलिस ने राहुल के परिजनों को सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। आशंका है कि गला दबाकर हत्या करने के बाद शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। राहुल की कार और मोबाइल फोन नहीं मिलने से परिजनों ने लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से छानबीन की मांग की है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए भेजकर लूटपाट समेत अन्य पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। वहीं, राहुल की मौत से रेशमा समेत परिवार के अन्य लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। राहुल की दो मासूम बेटियां अर्तिका व अवनी है।