ऊंचाहार थाना क्षेत्र में सोमवार की रात पूरे बकिया मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव के पास धारदार हथियार से एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव चकरोड पर पड़ा मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी दीपक सिंह उर्फ माना पुत्र राम अधार सिंह (उम्र 35 वर्ष) काफी दिनों से मानसिक रूप बीमार चल रहा था। वह दिन भर इधर-उधर घूमा करता था।
सोमवार की शाम वह बाबूगंज बाजार में था। देर रात उसकी किसी ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह उसका शव गांव को जाने वाले चकरोड पर पड़ा मिला। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद कोतवाल शिवशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की पड़ताल की। पुलिस ने छूरा शव के पास ही बरामद किया है।
पुलिस का मानना है कि इसी छूरे से युवक का गला रेता गया। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि युवक के हत्या की सूचना मिली है। छानबीन की जा रही है। वारदात को क्यों अंजाम दिया गया है, इसकी जांच की जा रही है।