जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बझना गांव में परदेस से लौटे पति ने पत्नी को लोहे के रॉड से मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बझना गांव निवासी गंगाराम पाल (40) उर्फ छोटे सोमवार की शाम परदेस से घर लौटा था।
घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसका पत्नी रीमा (35) से विवाद हो गया। पति व पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद रीमा बच्चों संग बिना भोजन किए सो गई। देर रात गंगाराम ने पत्नी रीमा पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
सुबह गंगाराम ने स्वयं इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची जयसिंहपुर पुलिस ने गंगाराम को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना की सूचना उसके मायके वालों को दी गई है। गंगाराम करीब आठ वर्ष पूर्व गुजरात के सूरत शहर में अपने बहनोई की हत्या के आरोप में तीन साल तक जेल की सजा भी काट चुका है। चार वर्ष पूर्व उसने अपना गला रेतने का प्रयास भी किया था।