शिक्षक की हत्या के बाद लगी भीड़।
- फोटो : amar ujala
घर के बरामदे में सो रहे सेवानिवृत्त शिक्षक की उनके ही कलियुगी पुत्र ने दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में नामजद केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी विक्षिप्त युवक है। नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उधर, दिनदहाड़े हुई इस जघन्य घटना से गांव में सनसनी का माहौल व्याप्त है।
कटका थाना क्षेत्र के दुल्हूपुर कला गांव में शनिवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब गांव निवासी सेवानिवृत्त परिषदीय शिक्षक रामसुमेर (75) की हत्या हो जाने की खबर गांव में फैली। ग्रामीण रोने पीटने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर के बरामदे में चारपाई पर रामसुमेर का खून से लथपथ शव पड़ा है। बगल में ही खून से सनी कुल्हाड़ी लिए उनका ही पुत्र राकेश (30) खड़ा है।
ग्रामीण घटना से स्तब्ध थे तो वहीं परिजनों में रोना पीटना मचा था। ग्रामीणों ने हिम्मत कर आरोपी को कुल्हाड़ी सहित पकड़ लिया। सूचना मिलते ही कटका पुलिस मौके पर पहुंची। उसने आरोपी को कुल्हाड़ी सहित हिरासत में ले लिया। घटना को लेकर पूछताछ में कोई स्पष्ट कारण उभरकर सामने नहीं आया। पुलिस आरोपी को लेकर थाने चली गई, जबकि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।