लखनऊ के पारा के मोहान रोड पर शनिवार दिन-दहाड़े कार सवार बदमाशों ने जिम संचालक अर्शित तिवारी को असलहे के बल पर अगवा कर लिया। कार में मारपीट करते हुए बदमाश उसे कृष्णानगर ले गए और एक मकान में ले जाकर जमकर पिटाई की।
इस बीच अर्शित के भाई अमन ने पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस आरोपियों के घर पहुंच गई। बदमाशों ने अर्शित के सिर के बाल व मूंछे मुड़वाकर उसे काकोरी मोड़ पर छोड़ दिया और भाग गए। अमन ने पारा थाना में तीन बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस को मारपीट व अपहरण की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है।
इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी आशियाना के एलडीए कॉलोनी निवासी विश्वजीत, कृष्णानगर के आजादनगर भिलावां में रहने वाला अनिल सिंह व उनका एक साथी है। तीनों शनिवार सुबह मोहान रोड पर शारदा अस्पताल के पास रहने वाले अर्शित तिवारी के जिम पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
जिम में मौजूद अर्शित के भाई अमन ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचा निकालकर तान दिया। उसे गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश अर्शित को खींचकर बाहर ले आए और अपनी कार में बैठा लिया। अर्शित ने पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी। अपहरण की सूचना से पुलिस के होश उड़ गए।
पारा पुलिस मौके पर पहुंची और जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में बदमाश अर्शित को मारपीटकर खींचते हुए कार में ले जाते हुए दिख रहे हैं। अमन ने बताया कि वह बदमाशों में शामिल विश्वजीत और अनिल को पहचानता है। उससे विश्वजीत के घर का पता लेकर पुलिस वहां पहुंच गई।