लखनऊ में अवध डिपो की वर्कशॉप में फिटनेस के लिए आई एसी जनरथ बस में गुरुवार को अचानक आग लग गई। इससे 20 लाख की बस देखते ही देखते जलकर ढांचा बन गई। अधिकारियों का कहना है कि सेल्फ की तकनीकी खराबी के चलते जनरथ बस में आग लगी है। चालक ने जनरथ बस को वाशिंग पॉइंट से लाकर उसे बंद किया, लेकिन सेल्फ स्टार्ट से आग लग गई।
विज्ञापन
यूपी 33 एटी 5852 नंबर की जनरथ बस रूपईडीहा रूट पर संचालन से पहले वर्कशॉप में फिटनेस के लिए लाई गई थी। वाशिंग के बाद सुबह 8:00 बजे आग लग गई। घटना की जानकारी पर अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल की चार गाड़ियों ने मशक्कत से आग बुझाई। मुख्यालय ने मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है।
क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ परिक्षेत्र पीके बोस ने बताया कि जनरथ बस का सेल्फ फंसने के कारण आग लगने से हादसा हुआ है। इस मामले की जांच सेवा प्रबंधक विक्रमजीत कर रहे हैं। हादसे से निगम को 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।