बच्चे की पीठ पर मौजूद बर्बरता के निशान।
- फोटो : amar ujala
रायबरेली के ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र के प्राइमरी विद्यालय हटवा में कक्षा तीन के छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्चे की पीठ पर डंडे से मार के निशान दिख रहे हैं।
पिटाई स्कूल के प्रधानाध्यापक द्वारा करने की बात बताई जा रही है। प्रधानाध्यापक ने भी बच्चे की शरारत के बाद गुस्से में मार देने की बात स्वीकार की है। कोतवाली क्षेत्र के हटवा गांव निवासी गुरूदेव शरण का सात वर्षीय बेटा गांव के ही प्राइमरी पाठशाला में कक्षा तीन का छात्र है।
मंगलवार को वह स्कूल गया था। आरोप है कि स्कूल के प्रधानाध्यापक संदीप कुमार मौर्य ने उसकी डंडे से जमकर पिटाई की है। बच्चे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे की पीठ पर डंडे के कई निशान बने हैं और उसकी पीठ लाल पड़ गई है।
बच्चा वीडियो में स्कूल के प्रधानाध्यापक के डंडे से मारने की बात कह रहा है। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने मामले की शिकायत नहीं की है।
इस बाबत जब प्रधानाध्यापक संदीप कुमार से पूछा गया तो बताया कि बच्चा समझाने के बावजूद बार बार शरारत कर रहा था, जिससे गुस्से में मार दिया है। उधर इस बाबत बीइओ अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।