गोमतीनगर के विरामखंड में शनिवार रात बाजार जाने को लेकर बड़ी बहन से झगड़े के बाद इंटर की छात्रा ने फांसी लगा ली।
घरवालों ने फंदे पर लटकता देख नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ गोमतीनगर के मुताबिक, गोमतीनगर के विरामखंड निवासी आनंद प्रकाश वर्मा सीतापुर में क्षेत्रीय मद्यनिषेध अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
बड़ी बेटी नीतू फैजाबाद विवि से बीए कर रही है, जबकि छोटी बेटी बॉबी एचएएल स्थित स्कूल में इंटर की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार रात करीब आठ बजे बाजार जाने को लेकर दोनों बहनों में कहासुनी हुई।
बॉबी गुस्साकर अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक आहट न मिलने पर घरवालों ने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर दरवाजा खटखटाया, बंद होने पर धक्का दिया।
अंदर बॉबी दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रही थी। नीचे उतारे जाने तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घरवालों के मुताबिक, बॉबी गुस्सैल स्वभाव की थी और जरा-जरा सी बात पर आपा खो देती थी।