लखनऊ विश्वविद्यालय व सहयुक्त महाविद्यालय के छात्रों में बिना कोर्स पूरा किए ही बीए, बीएससी, बीकॉम की परीक्षाएं आयोजित करने के निर्णय से काफी नाराजगी है।
इसे लेकर छात्रों ने ट्विटर पर अभियान छेड़ रखा है। इसमें वह विश्वविद्यालय प्रशासन के मनमाने व अदूरदर्शी निर्णय पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं स्थगित नहीं की गईं तो आंदोलन होगा।
विश्वविद्यालय व सहयुक्त महाविद्यालयों में 20 मई से 3 जुलाई तक गर्मी की छुट्टियां थीं। डेढ़ महीने की छुट्टी के बाद सोमवार से विश्वविद्यालय व कॉलेज खुले हैं।
इसके साथ ही विवि प्रशासन ने 18 जुलाई से बीए, बीएससी, बीकॉम चौथे व छठे सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जबकि विद्यार्थियों का कहना है कि अभी आधा कोर्स ही हुआ है।
छात्रों ने बताया कि विवि में बीकॉम, बीएससी मैथ्स, बीएससी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बीए में भी कई विषयों का कोर्स नहीं पूरा हुआ है।
इसी तरह आईटी गर्ल्स कॉलेज, क्रिश्चियन कॉलेज, डीएवी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शिया पीजी कॉलेज, एलपीसीपीएस में भी बीए, बीएससी चौथे व छठे सेमेस्टर का कोर्स अधूरा है।
विवि में कुछ जगह पर ऑनलाइन क्लास भी हुई, लेकिन कॉलेजों में तो उक्त डेढ़ महीने में कुछ नहीं हुआ। ऐसे में बिना कोर्स पूरा कराए विवि प्रशासन परीक्षाएं कैसे करवा सकता है।
विभागों ने स्वीकारा नहीं पूरा हुआ कोर्स
विद्यार्थियों की नाराजगी को देखते हुए प्रभारी कुलपति प्रो. प्रेम सुमन शर्मा की अध्यक्षता में विभागाध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें कई विभागों ने बताया कि उनके यहां 60-70 फीसदी ही कोर्स हुआ है। एक विभागाध्यक्ष ने कहा कि उनके यहां अधिकतर समय परीक्षाएं होती हैं, जिससे उनकी कक्षा बाधित होती है। एक विभागाध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा विभाग बिना विभागों से चर्चा किए स्कीम जारी कर देता है। विवि प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों की दिक्कत पर विचार किया गया है, जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।