शासन ने कुछ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। आर्यका अखौरी को विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा बनाया गया है। राजेश कुमार को विशेष अधिकारी बनाकर आजमगढ़ भेज दिया गया है।
श्रमिकों को आर्थिक मदद अब एक बार
श्रमिकों को अब केवल एक बार 1000 रुपए की आर्थिक मदद मिलेगी। पहले हर महीने देने का फैसला हुआ था।इसके अलावा जो श्रमिक सीधे अपने घर पहुंच रहे हैं या आश्रय स्थल पर बिना रोके होम क्वारंटीन के लिए भेजे गए हैं उन्हें भी 15 दिन की राशन किट दी जाएगी।
आगरा में सात और कोरोना संक्रमित मिले
आगरा में सोमवार को सात नए कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अब संख्या 864 हो गई। इनमें 754 डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब 77 सक्रिय मामले हैं। अब तक 33 संक्रमितों की मौत भी हो चुकी हैं।
मेरठ में एक की मौत, तीन कोरोना संंक्रमित मिले
मेरठ में सोमवार को कोरोना से एक और मौत हो गई। इसके अलावा तीन नए संक्रमित मरीज भी मिले हैं। जनपद में अब तक कोरोना से 23 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं मरीजों का आंकड़ा 376 पहुंच गया। इनमें 233 लोग ठीक हो चुके हैं।
बरेलीः 300 बेड अस्पताल में भर्ती दो युवक मिले कोरोना संक्रमित
आईवीआरआई की ओर से सोमवार को देर शाम सौंपी गई रिपोर्ट में दो युवकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम के मुताबिक दोनों युवक 300 बेड अस्पताल में 20 मई को क्वारंटीन हुए थे। 21 मई को उनका सैंपल लिया गया था। 22 मई को सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। 25 मई को सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों की कांटेक्ट ट्रेस किये जा रहे हैं।
नोएडा में मिले 14 नए कोरोना संक्रमित
नोएडा में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। यहां सोमवार को 14 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।
रामपुर में 11 कोरोना संक्रमित और आये सामने
रामपुर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को अब तक प्राप्त रिपोर्ट में 11 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। इनमें से 11 दूसरे प्रदेशों से आएं हैं। जिले में अब तक कुल 159 कोरोना केस सामने आ चुके हैं, जिनमे से 132 सक्रिय हैं।
अलीगढ़ में कोरोना संक्रमित महिला की मौत
अलीगढ़ में सोमवार को कोरोना से 62 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
गाजियाबाद में कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग की मौत
न्यू कोटगांव निवासी बुजुर्ग 10 मई से मैक्स वैशाली में भर्ती थे। उन्हें कोलाइटिस, हाई डायबिटीज और गाल ब्लडर में पथरी होने से पीलिया की बीमारी थी। 22 मई को उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से 5वीं मौत है।
गोरखपुर में कोरोना संक्रमित की मौत
गोरखपुर में सोमवार को एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। यह जिले में कोरोना से चौथी मौत है। अभी तक जिले में 53 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं, जिनमें से 4 की मौत हो चुकी है।
इटावा में कोरोना के दो मरीज बढ़े
इटावा में कोरोना के दो और मरीज बढ़े। जिसमें एक मरीज शहर व दूसरा गांव का है। इटावा जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 39 पहुंच गई है। जिसमें से एक्टिव केस 36 हैं। जबकि दो मरीज ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो गई है।
कानपुर में कोरोना का एक और मरीज बढ़ा
कानपुर में कोरोना का एक केस और बढ़ गया। सीटीएस बिठूर निवासी 34 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कानपुर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 333 हो गई है। जबकि 11 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
उन्नाव में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला
उन्नाव जिले में सोमवार को एक और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। मरीज 14 मई को मुंबई से लौट कर आया था। इस तरह जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। जिले में 23 एक्टिव केस हैं। एक मरीज की कोरोना से मौत हो चुकी है।
अलीगढ़ में मिला एक कोरोना संक्रमित
रिटायर्ड एडी हेल्थ डॉ. गीता प्रधान के पति डॉ. नरेश चन्द्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। डॉ. नरेश चन्द्र जेएन मेडिकल कॉलेज के ईएनटी डिपार्टमेंट में सीनियर कंसल्टेंट हैं। डॉ. गीता प्रधान एडी हेल्थ के पद से 30 अप्रैल को रिटायर्ड हुई हैं। उनके बेटी-दमाद की सैंपलिंग के आदेश दिए गए। दोनों इनके साथ टेलिफोन एक्स्चेंज के पीछे स्थित आवास में रहते हैं।
गोरखपुर में मिले आठ कोरोना संक्रमित
गोरखपुर में सोमवार को आठ कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 53 हो गई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने की है।
वाराणसी में आठ नए कोरोना संक्रमित
वाराणसी में कोरोना के आठ नए मरीज मिले। इसमें छह मरीज वाराणसी के ही हैं और एक जौनपुर व एक हरियाणा के करनाल का है। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने की पुष्टि।
यूपी में अब तक 3581 लोग हुए स्वस्थः प्रधान स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद
यूपी में बीते 24 घंटे में 273 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिल हैं। 3581 लोगों स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। वहीं अब तक 165 लोगों की जान जा चुकी हैः प्रधान स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद
महाराजगंज में दो मरीज स्वस्थ
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में कोरोना के बढ़ते प्रभाव के बीच सोमवार को सुखद संदेश आया है। कोरोना से पीड़ित दो मरीजों को स्वास्थ होने की रिपोर्ट आई है। ऐसे में अब जिले में एक्टिव केस संख्या घटकर 26 हो गई है। यहां अभी तक कुल 38 कोरोना केस हैं। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने की है।
वहीं बस्ती जिले में भी मुंडेरवा के लेवल वन के अस्पताल में भर्ती 15 पॉजिटिव की तीसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 15 लोगों को डॉक्टरों की टीम में थर्मल स्कैनिंग करने के बाद घर भेज दिया गया है। सभी को घर में 15 दिन तक अलग कमरे में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी पुष्टि डीएम आशुतोष निरंजन ने की है।
चित्रकूट में कोरोना के सात और मरीज मिले
यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। सोमवार को चित्रकूट जिले में सात और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई हैं। ये मरीज प्रवासी हैं। चित्रकूट जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 27 हो गई है। जिले में 11 एक्टिव केस हैं। एक मरीज की मौत हो चुकी है। जबकि 15 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं।
372 साल में पहली बार ताज में नहीं हुई ईद की नमाज
372 साल में पहली बार ताजमहल में ईद की नमाज नहीं हुई। बता दें इस दौरान ताज में तीन घण्टे रहता था निःशुल्क प्रवेश रहता था और औसतन 20 हजार से ज्यादा लोग नमाज के लिए पहुंचते थे।
सामाजिक दूरी का पालन करते हुए ऐशबाग ईदगाह में अदा की नमाज
लखनऊ में ईदगाह इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली और कुछ अन्य लोगों ने ईद उल फितर के अवसर पर ऐशबाग ईदगाह पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए नमाज अदा की।
विदेश से आने वाले यात्रियों को देना होगा सहमति पत्र
उत्तर प्रदेश गृह विभाग ने कहा है कि विदेशों से आने वाले यात्रियों को इस आशय में सहमति पत्र देने की आवश्यकता होगी कि वे सात दिन क्वारंटीन सुविधाओं के लिए भुगतान करेंगे और सात दिन होम क्वारंटीन में रहेंगे। कुछ असाधारण स्थितियों में, यात्रियों को होम क्वारंटीन के लिए अनुमति दी जाएगी।
हमीरपुर में कोरोना के दो मरीज और बढ़े
यूपी के हमीरपुर में कोरोना के दो और केस सामने आए हैं। जिसमें से एक मरीज मुंबई से लौटा था। वहीं दूसरा कोरोना संक्रमित मिले अधेड़ का तीन वर्षीय बेटा संपर्क में आने से पॉजिटिव हुआ। हमीरपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या छह हो गई है।
सहारनपुर में मांगी गई महामारी के खात्मे की दुआ
सहारनपुर जनपद में घरों में ही नमाज पढ़कर वैश्विक महामारी के खात्मे की दुआ मांगी गई। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते में ईद की नमाज ईदगाह में अदा नहीं की गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों के अंदर ही ईद की नमाज अदा की और इंसानियत की सलामती एवं वैश्विक महामारी के खात्मे के लिए अल्लाह से दुआ की।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन
बिजनौर में रविवार को जिले में पुलिस ने लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया। रविवार को जरूरी सामान को छोड़कर बाकी दुकानें नहीं खुलने दीं गई। सोमवार को ईद पर पुलिस प्रशासन सुबह से ही सतर्क हो गया। ईदगाह व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा नहीं होने दी गई।
बाजारों में सन्नाटा
शामली शहर में ईद के मौके पर बाजारों में सन्नाटा रहा। मिठाई की दुकान खोली लेकिन ग्राहकों की कमी रही। धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस और पीएसी का पहरा रहा। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। जनपद में सेक्टर जोनल व्यवस्था लागू की गई है। लोग अपने घर पर ही ईद की नमाज अदा कर रहे हैं।
मुजफ्फरनगर में पुलिस बल अलर्ट
मुजफ्फरनगर में सोमवार को ईद के मौके पर जहां लाॅकडाउन के पूर्णत पालन को लेकर पुलिस बल अलर्ट है। वहीं जिले के खतौली में कुछ लोगों ने सामूहिक रूप से मस्जिद में नमाज अदा करने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर लोगों को नसीहत देकर बाहर निकाला। पुलिस जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
बस्ती में 16 नए मरीज
बस्ती जिले में कोरोना पॉजिटिव के 16 नए मरीज पाए गए हैं। सोमवार की सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से आई रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉक्टर फखरे यार ने इसकी पुष्टि कर दी है। यह मरीज मुंबई से ट्रक और अन्य साधनों से यहां 15 मई को आए थे। इन्हें पचवस स्थित विद्यालय में रखा गया था इस प्रकार जिले में अब कुल पॉजिटिव की संख्या 141 हो गई है। इसमें से 28 मरीज ठीक हो कर घर जा चुके हैं। जबकि दो कि अब तक मौत हो चुकी है। जिले मे एक्टिव मरीज की संख्या 111 हो गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ली कोविड-19 प्रबंधन टीम-11की समीक्षा बैठक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कोरोना वायरस कोविड-19 प्रबंधन टीम-11 के साथ समीक्षा बैठक की।
इटावा में कोरोना से पहली मौत
यूपी के इटावा जिले में कोरोना से पहली मौत हुई। निमोनिया की शिकायत पर मरीज को 23 मई को दोपहर में सैफई चिकित्सा विवि में भर्ती कराया गया था। उसी रात 12:5 बजे मौत हो गई। मरीज मोहल्ला रामगंज निवासी था। कोरोना जांच के लिए सैम्पल लिया गया था। मौत के बाद जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इटावा में कोरोना मरीजों की संख्या 37 पहुंच गई है। जिसमें से एक्टिव केस 34 हैं। जबकि दो मरीज ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो गई है।
मुरादाबाद में लोगों ने घर में अदा की नमाज
मुरादाबाद में लोगों ने लॉकडाउन के दिशा-निर्देशों और मापदंडों को ध्यान रखते हुए ईद की नमाज घर ही में अदा की।
लखनऊ हवाई अड्डे से घरेलू उड़ान शुरू
यात्री अपनी संबंधित उड़ानों के लिए लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंचे, बता दें घरेलू उड़ान संचालन आज से फिर शुरू हो गया है।