फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP: प्रदेश में नए 153 नए मरीज, 1337 पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा

Wed, 22 Apr 2020 06:12 AM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1337 हो गई है। मंगलवार को 153 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं 10 जिले कोरोना फ्री घोषित किए गए हैं। अलीगढ़ नया जिला है जहां कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। इसी के साथ संक्रमण 53 जिलों तक पहुंच गया है। यहां पढ़ें उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से जुड़ा हर अपडेट-
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:11 AM, 22-Apr-2020

सुल्तानपुर में मिला कोरोना पाजिटिव का दूसरा मरीज निकला सूडानी नागरिक अब्दुल्ला जैम

सुल्तानपुर में मिला कोरोना पाजिटिव का दूसरा मरीज सूडानी नागरिक अब्दुल्ला जैम निकला। वह निजामुद्दीन के तब्लीगी मरकज में शामिल हुआ था। 32 वर्षीय सूडानी नागरिक अब्दुल्ला जैम 31 मॉर्च से क्वारन्टीन चल रहा था। फरीदीपुर सेंटर में क्वारेन्टीन चल रहे अब्दुल्ला जैम की पीजीआई से आयी जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब्दुल्ला जैम को कुड़वार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने एल-1 में सोमवार को शिफ्ट किया गया था। इसी क्वारेन्टीन सेंटर से मिला था पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज।

01:43 AM, 22-Apr-2020

उत्तर प्रदेश में 10 जिले कोरोना फ्री

प्रदेश में नोवेल कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1337 हो गई है। मंगलवार को 153 नए मरीज सामने आए हैं। इसी के साथ संक्रमण 53 जिलों तक पहुंच गया है। वहीं 10 जिले कोरोना फ्री घोषित किए गए हैं। अलीगढ़ नया जिला है जहां कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है।  कुल 22 मरीजों को स्वास्थ्य लाभ होने जाने के कारण डिस्चार्ज किया गया। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि प्रदेश में सिर्फ 1154 कोविड-19 एक्टिव मरीज रह गए हैं। 
 

10:55 PM, 21-Apr-2020

आगरा में 13 मरीज और मिले

आगरा में मंगलवार रात 13 मरीज और मिले हैं। सुबह 28 मामले आए सामने आए थे। इन्हें मिलाकर एक दिन में अब तक सबसे ज्यादा 41 मामले सामने आए हैं। वहीं जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 308 हो गई है। 

विज्ञापन
10:28 PM, 21-Apr-2020

यूपी: बिजनौर में देहात तक पहुंचा कोरोना, पॉजिटिव केस मिलने के बाद सील किए दो गांव

बिजनौर जनपद में हीमपुर दीपा क्षेत्र के दो गांवों में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन ने दोनों गांवों के साथ एक किलोमीटर का एरिया सील करा दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित युवकों के परिजनों को जांच कराकर आइसोलेशन केंद्र भिजवा दिया।
 

09:42 PM, 21-Apr-2020

झांसी में दुकान बंद करवाने पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता, तीन गिरफ्तार

झांसी कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाषगंज में दुकानें खुली होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। यहां एक दुकान बंद कराने पर दुकानदार समेत तीन लोगों ने पुलिस के साथ अभद्रता कर दी। पुलिस तीनोें को गिरफ्तार कर कोतवाली लाई। जहां एफआईआर दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है। पुलिस की कार्रवाई से दहशत में आए दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले।

विज्ञापन
09:33 PM, 21-Apr-2020

कोटा से लौटे 32 छात्रों का रैपिड टेस्ट आया निगेटिव

 राजस्थान के कोटा से झांसी के 32 छात्र-छात्राओं के रैपिड टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे सभी ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को भी कई विद्यार्थियों का रैपिड टेस्ट किया गया है। इनकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। लॉकडाउन हो जाने के बाद कोटा में कोचिंग कर रहे देश भर के छात्र-छात्राएं घर नहीं लौट पा रहे थे। छात्र-छात्राओं ने घर वापसी के लिए सोशल मीडिया पर मुहिम छेड़ दी। प्रदेश की योगी सरकार ने इसका संज्ञान लिया और विद्यार्थियों को रोडवेज बसों से वापस लाए। झांसी मंडल के लगभग सवा दो सौ छात्र-छात्राएं लौटे हैं, इसमें झांसी के 130 विद्यार्थी शामिल हैं। इन सभी की झांसी उतरने के दौरान थर्मल स्क्रीनिंग आदि की गई। किसी में भी कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिलने से स्थिति सामान्य थी लेकिन कोटा से लौटी गाजीपुर की छात्रा की रैपिड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। सोमवार रात में छात्र-छात्राओं के सैंपल लेने शुरू कर दिए गए। इनमें से 32 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। मंगलवार को भी कई छात्रों के सैंपल लिए गए हैं। इनकी जल्द रिपोर्ट आ सकती है।

09:21 PM, 21-Apr-2020

फिरोजाबाद में कोरोना वायरस के छह नए केस और मिले

फिरोजाबाद में मंगलवार को कोरोना वायरस के छह नए केस और मिले हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 62 हो गई है। 

09:04 PM, 21-Apr-2020

प्रदेश में अबतक 1294 केस, कोरोना से 53 जिले प्रभावित: प्रमुख सचिव स्वास्थ्य

प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में अबतक 1294 केस सामने आए हैं। जिनमें 1134 एक्टिव केस हैं। उपचार के बाद 1294 में से 140 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें घर भेज दिया गया है। प्रदेश के 53 जनपद कोरोना से प्रभावित हैं। 

प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि सोमवार को प्रदेश में 1478 टीमों द्वारा कोरोना सर्विलांस और सर्वे का कार्य किया गया। वहीं अबतक इस कार्य में 23 हजार टीमों ने भागीदारी की है। उन्होंने बताया कि आइसोलेशन में 1242 और मेडिकल क्वारंटीन में 10800 लोगों को रखा गया है। सोमवार को 3039 सैंपल भेज गए, जिसमें से 2800 सैंपलों की टेस्टिंग कर दी गई है।

08:42 PM, 21-Apr-2020

नदवी ने की रमजान में इबादत घरों में करने की अपील

ऑल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदर मौलाना राबे हसनी नदवी ने मुसलमानों से रमजान में इबादत घरों में करने की अपील की है। कोरोना वायरस बीमारी जो चल रही है। उस की वजह सबके लिए जरूरी है कि रमजान के मौके पर इबादत घरों में करें क्योंकि ये वक़्त का तकाजा भी है। इससे एक अच्छी मिसाल कायम होगी

08:08 PM, 21-Apr-2020

अलीगढ़ में कोरोना संक्रमित पहले मरीज की मौत

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में कोरोना संक्रमित पहले मरीज की मौत हो गई है। सोमवार को कोरोना पॉजिटिव मिले उस्मानापड़ा के रहने वाले शख्स की मौत हो गई है। यह जिले में कोरोना संक्रमण से पहली मौत हुई है। वहीं उसकी बेटी और बहनोई के रैपिड टैस्ट में कोरोना पॉजिटिव आया है।

07:38 PM, 21-Apr-2020

भाजपा नेता के पिता को कोरोना वायरस

मेरठ में एक भाजपा नेता के पिता को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया जा रहा जा रहा है। मेरठ में अब कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 82 हो गई है। इससे पहले सोमवार को मेरठ में एक गर्भवती महिला समेत सात नए केस मिले थे।
 

07:19 PM, 21-Apr-2020

आगरा में 23 दिन का मासूम कोरोना संक्रमित

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन चुके आगरा में 23 दिन का बच्चा संक्रमित मिला है। उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि उसके माता-पिता की जांच रिपोर्ट निगेटिव है। मासूम के चाचा में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 

07:00 PM, 21-Apr-2020

'रमजान में लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें मुसलमान'

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष व ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने रमजान के मुकद्दस महीने में लॉकडाउन का पालन पूरी तरह से करने की अपील की। मौलाना ने सरकार व प्रशासन से रमजान में जरूरी चीजों की उपलब्धता बनाये रखने की मांग की।
 

06:44 PM, 21-Apr-2020

सहारनपुर में दो और कोरोना संक्रमित मिले

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दो और कोरोना संक्रमित मिले हैं। दोनों संक्रमित हॉटस्पॉट इलाके मंडी और गंगोह के हैं। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी के अनुसार नोएडा से 107 सैंपल की जांच रिपोर्ट में इन्हें कोरोना का पुष्टि हुई है। 

06:25 PM, 21-Apr-2020

मुजफ्फरनगर में 10 रिपोर्ट पाॅजिटिव मिले

मुजफ्फरनगर में मंगलवार को आई 58 सैंपल की जांच रिपोर्ट में 10 रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। इनमें 6 पुरकाजी  और 4 केस खतौली के हैं।

05:54 PM, 21-Apr-2020

यूपी गेट पर लगा लंबा जाम

लॉकडाउन में ढील दिए जाने की गफलत में दिल्ली यूपी की सीमा पर आज वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी के चलते यूपी गेट पर लंबा जाम लगा रहा। हालत ऐसे हो गए कि जिलाधिकारी और एसएसपी को भी मौके पर पहुंचना पड़ा। 

05:29 PM, 21-Apr-2020

कासगंज: नेपाली युवक की रिपोर्ट आई कोरोना पॉजिटिव

यूपी के कासगंज जिले के गांव नगला बैनी में किराए के मकान में रहने वाला नेपाली युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बदायूं में उसकी जांच कराई गई थी। वो 13 अप्रैल को अपने साथियों के साथ कासगंज से बदायूं होते हुए नेपाल जा रहा था। कासगंज प्रशासन ने मकान मालिक सहित 11 लोगों को क्वारंटीन में रखा है।

05:13 PM, 21-Apr-2020

बिजनौर में आज दो और कोरोना संक्रमित मरीज मिले

बिजनौर जिले में आज दो और कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। दोनों मेरठ के रहने वाले हैं और लॉकडाउन शुरू होने से पहले बिजनौर आए थे। जहां ये ठहरे हुए थे उस क्षेत्र को सील किया जा रहा है।
 

04:54 PM, 21-Apr-2020

अस्थाई जेल में न्यायिक निगरानी में रहेंगे क्वारंटीन अवधि पूरा करने वाले 60 से ज्यादा विदेशी व देशी जमाती

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में लॉकडाउन और वीजा का दुरुपयोग करने वाले जिले में रह रहे 54 विदेेेशी सहित 60 से ज्यादा जमातियों को क्वारंटीन अवधि पूरी होने पर अब न्यायिक निगरानी में रखा जाएगा। जिले के अलग-अलग थानों में अब तक 85 जमाती नामजद किए गए थे। इनमें से उन जमातियों को शासन के निर्देश पर अस्थाई जेलों में रखा जाएगा जो क्वारंटीन अवधि पूरी कर चुके हैं और जिनकी रिपोर्ट पॉजीटिव नहीं मिली है।

04:38 PM, 21-Apr-2020

वाराणसी: कोरोना वायरस से 11 लोगों ने जीती जंग

कोविड अस्पताल में भर्ती बनारस के तीन लोगों समेत 11 मरीजों ने कोरोना वायरस को मात दी है। इनकी लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मंगलवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल में कमिश्नर दीपक अग्रवाल, डीएम कौशल राज शर्मा की मौजूदगी में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने सभी के ऊपर फूल बरसाकर आइशोलेशन वार्ड के बाहर आने पर स्वागत किया।

04:20 PM, 21-Apr-2020

लखनऊ: जेल में नए मुल्जिमों की 14 दिन तक रोजाना बदली जाएगी बैरक

कोरोना के संक्रमण से कैदियों को बचाने के लिए जेल प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडेय के मुताबिक, नए मुल्जिमों की चौदह दिनों तक हर दिन बैरक बदली जाएगी। ताकि नए मुल्जिम को पुराने के संपर्क आने से रोका जा सके। मालूम हो कि तीन हजार कैदियों को सोशल डिस्टेंसिंग पर रखा गया है। जेल अस्पताल में 16 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। मास्टर प्लान के तहत जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को हाइटेक करते हुए सर्किल नंबर पांच को उच्च सुरक्षा जोन बनाया है।

03:55 PM, 21-Apr-2020

लखनऊ में हॉटस्पॉट घोषित होने के बाद कई क्षेत्रों में कोई नया मरीज नहीं

लखनऊ के जिन इलाकों से कोरोना पॉजिटिव मरीज शुरुआती दौर में पाए गए थे या फिर बाद में जिन्हें हॉटस्पॉट या आंशिक हॉटस्पॉट घोषित किया गया था, उनमें से ज्यादातर क्षेत्रों में पिछले कई दिन से कोई भी पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। इन इलाकों में अगर हालात सामान्य रहे और कोई पॉजिटिव मरीज नहीं मिला तो 14 दिन बाद यानी बुधवार को इन्हें ऑरेंज जोन घोषित किया जा सकता है।

03:37 PM, 21-Apr-2020

14 दिनों तक रोज बदले जाएंगे नए कैदियों के बैरक

कोरोना के संक्रमण से कैदियों को बचाने के लिए लखनऊ जेल प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडेय के मुताबिक, नए कैदिनों को 14 दिनों तक क्वारंटीन किया जाएगा। इस दौरान हर दिन उनकी बैरक बदली जाएगी।

03:01 PM, 21-Apr-2020

आजम खां के जौहर ट्रस्ट ने पीएम केयर्स फंड के लिए दिए दो लाख रुपये

रामपुर सांसद आजम खां के मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट ने पीएम केयर्स फंड के लिए दो लाख रुपये का सहायता राशि प्रदान की है। ट्रस्ट की ओर से रामपुर के डीएम आंजनेय कुमार सिंह को दो लाख रुपये का चेक सौंपा गया। 

02:56 PM, 21-Apr-2020

मुरादाबाद में पांच नए संक्रमित

मुरादाबाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम पर पत्थरबाजी करने के आरोपियों समेत जेल में बंद पांच कैदियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद से जेल में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

02:36 PM, 21-Apr-2020

मथुरा: पेंटिंग बनवाकर लोगों को जागरूक कर रही पुलिस

मथुरा के नंदगांव चौकी पुलिस द्वारा नगर में जगह-जगह इस तरह की पेंटिंग बनवाकर लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

01:50 PM, 21-Apr-2020

कानपुर में 77 हुई कोरोना संक्रमितों की संख्या

कानपुर में एक और कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि किदवई नगर निवासी महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। कानपुर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 77 हो गई है। कानपुर में अब तक सात कोरोना संक्रमित ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि दो की मौत हुई चुकी है।

01:28 PM, 21-Apr-2020

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी ने की बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस के संबंध में लखनऊ स्थित सरकारी आवास में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक शुरू होने से पहले सभी ने सीएम योगी के स्वर्गीय पिता आनंद सिंह बिष्ट की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।

12:27 PM, 21-Apr-2020

बुलंदशहर में फार्मासिस्ट समेत तीन संक्रमित

बुलंदशहर जिला महिला अस्पताल के एक फार्मासिस्ट समेत तीन में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 23 हो गई है।

12:25 PM, 21-Apr-2020

औरैया में दो नए संक्रमित

यूपी के औरैया जिले में कोरोना वायरस के दो और पॉजिटिव केस मिले हैं। यह दोनों संक्रमित दिबियापुर के रहने वाले हैं। नए मरीजों के मिलने का बाद औरैया में कोरोना मरीजों की संख्या 12 पहुंच गई है। इनमें सात कानपुर सरसौल और पांच लोग तिर्वा कन्नौज में भर्ती कराए गए हैं।

12:15 PM, 21-Apr-2020

अलीगढ़: अल शिफा अस्पताल में कोरोना का इलाज कर रहे डॉक्टर निलंबित

अलीगढ़ के देहली गेट के शाह जमाल स्थित अल शिफा अस्पताल में कोरोना के मरीजों का इलाज करने वाले जेएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर अंजुम मिर्जा चुगताई को निलंबित कर दिया गया है। डॉ. चुगताई पर आरोप है कि उन्होंने कोरोना के मरीजों को भर्ती कराने व उनके उपचार में इंडियन मेडिकल काउंसिल ऑफ रिसर्च के दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया।

12:00 PM, 21-Apr-2020

अमरोहा में एक और कोरोना संक्रमित

अमरोहा में एक और कोरोना संक्रमित मामले की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीज पेशे से बढ़ई (कारपेंटर) है। संक्रमित व्यक्ति अमरोहा शहर का रहने वाला है और पिछले कुछ दिनों से जमात से जुड़े लोगों के संपर्क में था।

11:34 AM, 21-Apr-2020

रायबरेली के दो और सहारनपुर के 31 जमाती संक्रमित

एसजीपीजीआई लखनऊ में 68 सैंपलों की जांच की गई जिनमें से 33 पॉजिटिव पाए गए। इनमें रायबरेली के दो और सहारनपुर के 31 जमाती शामिल हैं। बताया गया कि इससे पहले भी इन जमातियों की जांच हुई थी, लेकिन उस वक्त रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 

11:22 AM, 21-Apr-2020

मेरठ मेडिकल कॉलेज से कोरोना संदिग्ध फरार

मेरठ मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कोरोना संदिग्ध मरीज आज सुबह आइसोलेशन वार्ड की खिड़की से कूदकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।

10:56 AM, 21-Apr-2020

दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर सील

दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। दिल्ली-गाजियाबाद के बीच यातायात का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है केवल आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले और वैध पास रखने वाले लोगों को ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है।

10:26 AM, 21-Apr-2020

आगरा में 28 नए मामले

आगरा में आज सुबह 28 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या अब 295 पहुंच गई है। डीएम पीएन सिंह ने बताया कि नए मामलों में एसआर अस्पताल के छह पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आने से 14 संक्रमित हुए। तीन जमाती, तीन स्वास्थ्य कर्मी और दो अन्य लोगों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।

09:53 AM, 21-Apr-2020

केजीएमयू में 754 में से आठ सैंपल पॉजिटिव

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में सोमवार को जांच किए गए 754 सैंपलों में से आठ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

09:50 AM, 21-Apr-2020

आठ घंटे की ड्यूटी करेंगे पुलिसकर्मी

लखनऊ पुलिस आयुक्त सुजीत पाण्डेय ने बताया कि लखनऊ कमिश्नरेट के पुलिसकर्मी अब प्रतिदिन आठ घंटे के हिसाब से अपनी ड्यूटी करेंगे। ऐसे पुलिसकर्मी जो अस्वस्थ हैं, उन्हें हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तैनात नहीं किया जाएगा।

09:19 AM, 21-Apr-2020

उत्तर प्रदेश में नए 153 नए मरीज, 1337 पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा

बस्ती में एक नया मामला
बस्ती जिले में मंगलवार सुबह एक नया कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आया है। इसी के साथ जिले में कुल मामलों की संख्या 20 हो गई है, जिनमें से 15 सक्रिय मामले हैं। नोडल अधिकारी डॉ. फख्रेयार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि नया मरीज मृत कोरोना संक्रमित का रिश्तेदार है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें