प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 12 नए मरीज मिले हैं, जबकि 11 डिस्चार्ज किए गए हैं। अब एक्टिव केस की संख्या 93 बची है। बीते 24 घंटे में 166010 सैंपल की जांच की गई।
कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मद्देनजर प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण की रफ्तार तेज करने जा रही है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों को तीन वर्गों में बांटा जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों में सभी लोगों को पहली डोज लग चुकी है वहां दूसरी डोज की प्रक्रिया शुरू होगी। इन गांवों को ‘प्रथम डोज संतृप्त ग्राम’ की संज्ञा देकर ग्राम प्रधान को सम्मानित किया जाएगा। वहीं दोनों डोज पूरी करने वाले ग्राम को कोविड सुरक्षित ग्राम की संज्ञा दी जाएगी।
विज्ञापन
एएनएम घर-घर जाकर दिव्यांग, अक्षम, निराश्रित, वृद्धजनों को चिह्नित करेंगी। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर घर पर ही टीकाकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर सर्वेक्षण करेंगी। साथ ही लोगों का टीकाकरण सेंटर पर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। पहली डोज न लगवाने वालों और दूसरी डोज की तारीख निकलने वालों की सूचियां बनाई जाएंगी। गौरतलब है कि प्रदेश में अब तक 16 करोड़ 38 लाख से अधिक टीकाकरण किया जा चुका है। इसमें 11 करोड़ 28 लाख से अधिक पहली डोज और 5 करोड़ 9 लाख से अधिक दूसरी डोज दी जा चुकी है।
कोरोना के 12 नए मरीज मिले
प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 12 नए मरीज मिले हैं, जबकि 11 डिस्चार्ज किए गए हैं। अब एक्टिव केस की संख्या 93 बची है। बीते 24 घंटे में 166010 सैंपल की जांच की गई। नए मिले मरीजों में लखनऊ में दो, गाजीपुर में चार, आगरा, गौतमबुद्धनगर, रायबरेली, सिद्धार्थनगर, झांसी तथा प्रतापगढ़ में एक-एक मरीज शामिल है। लखनऊ में 17 सक्रिय केस हैं। गौतमबुद्धनगर में 1 व मथुरा में 10 तथा शेष जिलों में 10 से कम कोरोना के मरीज हैं।