उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में यात्रियों को अब ठंडा पानी पीने के लिए बस अड्डा आने की राह नहीं देखनी होगी। यात्री बस में ही कंडक्टर से कूल-कूल परिवहन नीर खरीद कर प्यास बुझा सकेंगे।
परिवहन राज्यमंत्री याशर शाह ने बुधवार को लखनऊ स्थित कैसरबाग बस अड्डे पर आयोजित समारोह में इस योजना का शुभारंभ किया।
शाह ने बताया कि पहले चरण में 200 किमी से अधिक दूरी वाली 1500 बसों में 3000 आइस बॉक्स रखवाने की व्यवस्था की गई। इसमें बर्फ के सहारे परिवहन नीर को ठंडा रखा जाएगा।
15 दिन में 3000 और बसों में आइस बॉक्स रखे जाएंगे। इसमें आधा एवं एक लीटर पानी के बोतल रखे जाएंगे। यात्री कंडक्टर से 9 रुपये में आधा लीटर और 14 रुपये में एक लीटर बोतल बंद पानी खरीद सकेंगे।
शाह ने कहा कि परिवहन निगम इस साल 4250 नई बसों को खरीदकर बेड़े में शामिल करेगा। इसमें से 3500 बसों की मंजूरी पहले मिल चुकी है।