केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस ने सूबे के विभिन्न स्थानों पर रेल व सड़क जामकर विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी में ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने तीन स्थानों पर करीब एक दर्जन ट्रेनें रोकीं।
विज्ञापन
प्रदर्शन के बारे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि हमने एक घंटे से ज्यादा कोई भी ट्रेन नहीं रोकी, जिससे कि किसी यात्रियों ज्यादा दिक्कत न हो।
उन्होंने लखनऊ-कानपुर हाईवे पर यातायात रोक कर अपने गुस्से का इजहार किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने यहां कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाया गया भूमि अधिग्रहण अध्यादेश किसान व जन विरोधी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है।
डॉ. खत्री के नेतृत्व में लखनऊ में सदर के पास दादा मियां की मजार के सामने कई ट्रेनें रोकी गईं। यूं तो प्रदेश अध्यक्ष को चारबाग स्टेशन पर रेल रोकनी थी, लेकिन उन्होंने ऐन मौके पर अपना कार्यक्रम बदल दिया। इसके बाद वे सदर के पास पहुंच गए।
विज्ञापन
इस दौरान वरुणा एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस, गंगा-गोमती व बेगमपुरा एक्सप्रेस के चक्के जाम कर दिए। इस मौके पर गणेश शंकर पांडेय, संजीव सिंह, प्रेमा अवस्थी, नसीब पठान, पूर्व सांसद जितेन्द्र सिंह, अनुसुइया शर्मा, वीरेन्द्र मदान, सहित कई अन्य उपस्थित थे।
इन जगहों पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
राजधानी में सबसे पहले डालीगंज में बुद्धा पार्क के पास पलिया कला से आ रही ट्रेन को शैलेन्द्र तिवारी बबलू के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने रोका।
उधर, चारबाग स्टेशन पर विधायक डॉ. रीता बहुगुणा जोशी व मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस को कांग्रेसियों ने रोक दिया।
दोपहर में प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री व जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी के नेतृत्व में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर प्रदर्शन हुआ।
मुरादाबाद में केंद्रीय सचिव श्रीप्रकाश जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, नरेन्द्र राठी आदि ने सियालदह एक्सप्रेस, बरेली एक्सप्रेस, मुरादाबाद-गुवाहाटी एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनों को रोका तथा हाईवे जाम किया।
रायबरेली में भी पंजाब मेल रोकी गई। बरेली में अवध-असम, त्रिवेणी व डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस रोक कर प्रदर्शन किया गया।
एक घंटे तक जाम रखा हाईवे
लखीमपुर खीरी में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव श्याम किशोर शुक्ल ने सड़क जाम करने के अलावा आगरा फोर्ट ट्रेन रोकी। हरदोई में प्रयाग-बरेली एक्सप्रेस रोकी गई। उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे एक घंटे तक जाम किया।
वाराणसी में सचिव जुबेर खान, विधायक अजय राय के नेतृत्व में सड़क जाम हुआ व हावड़ा-अमृतसर, उपासना, सिंगरौली-वाराणसी, दून एक्सप्रेस को रोका और गिरफ्तारी दी। वाराणसी कैंट स्टेशन पर भी कई ट्रेनें रोकी गईं।
फैजाबाद में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा के नेतृत्व में बीकापुर-इलाहाबाद हाईवे जाम किया गया। कानपुर में डॉ. सुधांशु त्रिपाठी समेत अन्य नेताओं के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ।
इसके अलावा अंबेडकरनगर-जौनपुर हाईवे और लखनऊ-गोरखपुर राजमार्ग पर भी जाम लगा। कई ट्रेनें भी रोकी गईं। बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, बलिया, बहराइच, गोंडा, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, कुशीनगर आदि में भी कांग्रेसियों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री का कहना है कि हमने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सांकेतिक था। एक घंटे से ज्यादा हमने किसी भी ट्रेन को नहीं रोका।
ऐसा इसलिए ताकि किसी यात्री को बहुत ज्यादा परेशानी न हो। शहर के भीतर भी कोई प्रदर्शन इसलिए नहीं किया गया क्योंकि इससे शहरवासियों को दिक्कत होती है। हमारा प्रदर्शन पूरी तरह सफल है।