कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की निरंकुश सरकार के ख़िलाफ़ आज हर मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी डट कर लड़ रही है। कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जनता भी कांग्रेस को ही विकल्प मानती है क्योंकि सड़क से सदन तक की इस लड़ाई को लड़ने के लिए कांग्रेस और पूरा संगठन प्रतिबद्ध है।
प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव में 40 फ़ीसदी टिकट देने का अभूतपूर्व फ़ैसला किया है जिससे पूरे सूबे में महिलाओं में ख़ासतौर पर उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा सरकार बनने पर लड़कियों को स्मार्टफोन और स्कूटी देने, किसानों का पूरा क़र्ज़ माफ़ करने, 2500 रुपये में गेहूं-धान और 400 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गन्ना ख़रीदने, सबका बिजली बिल हाफ करने और कोरोना काल का बकाया बिल माफ़ करने, कोरोना की आर्थिक मार को देखते हुए हर परिवार को 25 हज़ार रुपये की मदद देने और 20 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने संबंधी जो प्रतिज्ञाएं की हैं उन्हें जन-जन तक पहुंचाने काम ज़ोरों से शुरू हो गया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि अगले चुनाव में तीन दशकों से जारी कुशासन का अंत होगा और कांग्रेस के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश फिर से विकास और सद्भाव के मार्ग पर लौटेगा।