लखनऊ में रोड शो के दौरान कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को चिनहट में जहां रोड शो किया, वहीं बीकेटी में डोर टू डोर जन संपर्क अभियान चलाया। सरोजनीनगर प्रत्याशी के लिए जनसभा में मोदी-योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा, कांग्रेस ने देश को बनाया है, लेकिन मोदी सरकार बेचने में लगी है।
सरोजनीनगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रुद्रदमन सिंह बबलू के समर्थन में हुई जनसभा में उन्होंने आतंकियों को पनाह देने वाले पीएम मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हमने तीन विधान बनाए हैं, कोई आतंकवादी विधान नहीं बनाया है। हमने देश बनाया है और उसी देश को मोदी सरकार बेचने में लगी है। कहा,हमने अपने घोषणापत्र में जनहित को केंद्र में रखा है। वे कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने 70 साल में क्या किया है, हम कहते हैं कि अगर 70 साल में कांग्रेस पार्टी ने कुछ बनाया नहीं तो आप बेच क्या रहे हैं? हमने बनाने का ही काम किया है और आप बेचने का काम कर रहे हैं। हम गारंटी देते हैं कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो घोषणापत्र में किए जा रहे हैं उन सभी वादों को पूरा करेंगे।
बालागंज में पश्चिम विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी शहाना सिद्दीकी के पक्ष में प्रियंका ने नुक्कड़ सभा की। प्रियंका ने बख्शी का तालाब सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ललन कुमार के समर्थन में चिनहट में रोड शो व डोर टू डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान प्रियंका खुली कार में सवार होकर क्षेत्र की जनता से वोट की अपील की। प्रियंका पर पुष्पवर्षा भी की गई। उनके स्वागत में तमाम कार्यकर्ता पॉलीटेक्निक चौराहे पर घंटों इंतजार करते रहे, पर वे दूसरे रास्ते से चिनहट के लिए निकल गई। इससे कार्यकर्ता मायूस हुए। चिनहट में अपने पिता पुरुषोत्तम जालान के कंधों पर बैठी अदिति जालान ने प्रियंका को देखकर हाथ हिलाया तो प्रियंका ने उसे पास बुलाकर लड़की हूं, लड़ सकती हूं का बैंड गिफ्ट किया।