कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी
- फोटो : amar ujala
भाजपा के राम मंदिर मुद्दे का जवाब है या आस्था का विषय, पिछले कुछ महीने से राहुल गांधी भी शिव भक्त हो गए हैं। गुजरात चुनाव में उन्होंने शिव का भक्त होने की बात कही थी। पिछले दिनों कैलाश मानसरोवर यात्रा करके उन्होंने इसे दर्शा भी दिया है।
राहुल गांधी हाल ही अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दो दिन के दौरे पर आए तो उन्हें शिवभक्त के तौर पर पेश किया गया। वे तिलक लगाए और मंदिर दर्शन करते नजर आए। कांवड़ियों का रूप धरे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी धार्मिक आस्था और विश्वास जताने में पीछे नहीं हैं। वे भाजपा को पिछले चुनाव की तरह अपने ऊपर हिंदू विरोधी होने का लेवल चस्पा होने का मौका नहीं देना चाहते।
शायद यही वजह है कि उन्होंने प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर इटावा में लॉयन सफारी के निकट चंबल के बीहड़ों में दो हजार एकड़ में कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर की तर्ज पर विष्णु मंदिर बनाने की घोषणा की। यह भी कहा कि भगवान विष्णु के नाम पर नगर बसाएंगे।