'सदन की कार्यवाही का बाधारहित और सुचारु रूप से संचालन लोकतंत्र के लिए जरूरी'
उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही का बाधारहित और सुचारु रूप से संचालन स्वस्थ लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। इसलिए निर्वाचित प्रतिनिधियों, सरकार और राजनीतिक दलों को इस महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वाह करना है कि हमारी राजनीतिक प्रणाली की प्रधान संस्थाओं का कार्य गरिमा और शालीनता के साथ संपादित हो।
मुझे विश्वास है कि हमारे इन प्रयासों से भारत के विधानमंडलों की कार्यकुशलता और क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी और राष्ट्रमंडल के भारत क्षेत्र में संसदीय लोकतंत्र और मजबूत होगा। लोकसभा अध्यक्ष के बाद मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने उद्घाटन सत्र को विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित किया। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी समेत विधानमंडल के मौजूदा और पूर्व सदस्य शामिल हुए। दो दिवसीय सम्मेलन का समापन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 17 जनवरी को करेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने बुधवार को सेंट्रल हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उत्तर प्रदेश को पहली बार सीपीए इंडिया रीजन के सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। सीपीए इंडिया जोन के अध्यक्ष, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला हैं। इस सम्मेलन की थीम है, जनप्रतिनिधियों की भूमिका।
ओम बिड़ला बुधवार को दोपहर बाद लखनऊ पहुंच गए। शाम को उन्होंने सीपीए इंडिया जोन की कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लिया। यूपी के विधानसभा अध्यक्ष समेत कार्यकारिणी में 10 सदस्य हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि उद्घाटन सत्र के बाद 16 व 17 जनवरी को दो अलग-अलग पूर्ण सत्र होंगे।
सम्मेलन में देश भर से लगभग 100 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। प्रेक्षक के रूप में ऑस्ट्रेलिया व मलयेशिया के एक-एक प्रतिनिधि बुधवार को ही लखनऊ पहुंच गए। सम्मेलन में दो सांसदों भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी व बसपा के रितेश पांडेय को भी बोलने का मौका मिलेगा।