त्रिपुरा में सभा को संबोधित करते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने वहां कई चुनावी सभाएं व रोड शो किए। इस दौरान वह कांग्रेस और कम्युनिस्टों पर जमकर बरसे। कहा कि पांच साल में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने त्रिपुरा को अलग पहचान दिलाई है। इससे पहले 35 वर्षों तक कम्युनिस्ट व कांग्रेस के लोगों ने विकास नहीं होने दिया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही देश को ठगने का रहा है और दोनों ने मिलकर त्रिपुरा में विकास की योजनाओं में जमकर डकैती डाली। कांग्रेस व कम्युनिस्ट एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। जनता ने सबक सिखाया तो अब इनका अस्तित्व मिट रहा है। प्रदेश को फिर से कुशासन और अराजकता की आग में झोंकने के उद्देश्य से दोनों मिलकर चुनाव मैदान में उतरे हैं, लेकिन त्रिपुरा की जनता उनकी मंशा पूरी नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को त्रिपुरा के दो विधानसभा क्षेत्रों बागबासा व कल्याणपुर में विजय संकल्प रैली और प्रमोद नगर विस क्षेत्र में रोड शो किया। एक बार फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने की अपील करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस कम्युनिस्टों के साथ मिलकर प्रदेश की सुरक्षा में सेंध लगाने आई है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा की मौजूदगी में बागबासा में योगी ने कहा कि पीएम मोदी के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास का वास्तविक रूप त्रिपुरा में धरातल पर दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर का विरोध करती थी, लेकिन आज राम मंदिर निर्माण कार्य अंतिम चरणों में चल रहा है। कम्युनिस्टों व कांग्रेस ने सामाजिक विभाजन किया, जबकि भाजपा के शासन में जनजातीय समुदाय से जुड़ी महिला देश की राष्ट्रपति बनती हैं। केंद्र सरकार के कैबिनेट में सबसे अधिक मंत्री ओबीसी समुदाय से हैं। प्रमोदनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में केंद्र के मंत्री पूर्वोत्तर में कैंप करते हैं और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराकर पीएम मोदी को रिपोर्ट करते हैं।