सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून-व्यवस्था के लिहाज से यह स्मरणीय काल माना जाएगा। पहले पेशेवर अपराधी और माफिया सत्ता के संरक्षण में दहशत फैलाते थे। दंगा प्रवृत्ति बन गई थी। वर्ष 2012-17 केबीच औसतन हर तीसरे-चौथे दिन एक बड़ा दंगा होता था। हमारी सरकार के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ। माफिया और अपराधियों के खिलाफ बिना जाति व मजहब देखे सख्त कार्रवाई की गई है। 1800 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
मेट्रो कॉरपोरेशन को मिली पहली बोगी
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश मेट्रो कॉरपोरेशन को पहली बोगी बड़ोदरा में मिल चुकी है। नवंबर-दिसंबर तक कानपुर और आगरा में मेट्रो का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। वर्ष 2017 से पहले यूपी के एक भी शहर में मेट्रो रेल नहीं थी। इतना ही नहीं ‘हर गांव सड़क योजना’ पर युद्धस्तर पर काम हो रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों को करेंगे लीड
शिक्षा के क्षेत्र में हम 2022 में अग्रणी राज्यों को लीड करते हुए दिखेंगे। 7 नए विश्वविद्यालय और 50 महाविद्यालय बना रहे हैं। पुलिस फोरेंसिंक इंस्टीट्यूट की स्थापना स्थापना लखनऊ में हो रही है। मंडल स्तर फोरेंसिक लैब और साइबर थाने स्थापित किए जा रहे हैं। 30 हजार महिला आरक्षी भर्ती की गई हैं। 1.26 लाख से अधिक बेसिक शिक्षा में भर्तियां हुई हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद से एक करोड़ बहनें स्वावलंबी बनी हैं। यह सब संगठन व सरकार के बेहतर समन्वय और केंद्रीय नेतृत्व से मिले सहयोग का नतीजा है। मीडिया ने भी हमारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए सेतु का काम किया है।
देश-दुनिया में सराहा जा रहा कोरोना प्रबंधन का हमारा मॉडल
कोरोना के प्रबंधन का यूपी का मॉडल देश-दुनिया में सराहा जा रहा है। करीब 9.5 करोड़ लोगों को कोरोना के टीके लग चुके हैं। इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद थे।
अपनी सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने के खास मौके पर मुख्यमंत्री ने जहां खुले मन से पूरे 38 मिनट अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं, वहीं अपने चिरपरिचित अंदाज में सूबे की सत्ता पर लंबे समय तक काबिज रहीं सरकारों की सोच में कमी को यूपी के पिछड़ा राज्य होने की वजह बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तो विदेशी कंपनियां चीन के बजाए यूपी में अपना उद्योग लगा रही हैं। नए भारत के नए यूपी में बीते साढ़े चार वर्षों में यह बदलाव हुआ है। इस नए यूपी में देश और विदेश का हर बड़ा निवेशक निवेश करने को इच्छुक है। सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों के लेखा-जोखा को लेकर तैयार की गई पुस्तिका का विमोचन भी मुख्यमंत्री ने किया। इस पुस्तिका में सूबे की अर्थ व्यवस्था में हुए सुधार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी भी है। जिसमें प्रधानमंत्री ने कहा है कि आज उत्तर प्रदेश पूरे देश का नेतृत्व कर रहा है।
विगत साढ़े चार वर्ष में प्रति प्रति व्यक्ति आय दुगनी हुई है। सरकार की उपलब्धियों से संबंधित जिस पुस्तिका का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया है, उसमें लिखा गया है कि प्रदेश सरकार ने दूरदर्शी योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारा। बीते 54 माह में राज्य के माथे से बीमारू राज्य का धब्बा हट गया और समृद्धिशीलता का टीका लग गया है। इस पुस्तिका में आंकड़ों के जरिए सरकार ने यूपी की ताजा अर्थव्यवस्था की तस्वीर मीडिया के सामने रखी। देश की पहली मोबाइल डिस्प्ले यूनिट यूपी में लगी और चीन से कारोबार खत्म कर भारत आई इस कंपनी ने भारत में यूपी को चुना। मुख्यमंत्री के अनुसार यह नया उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन गया है।