फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी ने बीएनए में आधुनिक हिंदी के जनक भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रतिमा का किया अनावरण

Fri, 10 Sep 2021 12:37 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

भारतेंदु नाट्य अकादमी में भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रतिमा स्थापित की गई थी जिसका अनावरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
विज्ञापन
प्रतिमा का अनावरण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतेंदु हरिश्चंद्र आधुनिक हिंदी खड़ी बोली के जनक हैं। वह जीवन की तमाम विधाओं में पारंगत थे। इसके साथ ही उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना, मातृभाषा के प्रति लगाव कूट-कूट कर भरा था। यही वजह है कि एक पूरे युग को भारतेंदु युग के नाम से जाना जाता है।

विज्ञापन


यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोमतीनगर स्थित भारतेंदु नाट्य अकादमी में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहीं। उन्होंने अकादमी परिसर में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर फिल्म, लेखन व निर्देशन के क्षेत्र की पांच शख्सियतों को अलंकृत किया गया। समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहाकि भारतेन्दु हरिश्चन्द्र का हिन्दी भाषा एवं साहित्य में अतुलनीय एवं अविस्मरणीय योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव एवं चौरीचौरा शताब्दी समारोह की शृंखला के तहत भारतेन्दु हरिश्चन्द्र की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि भारतेन्दु के विचारों, आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश व समाज के चतुर्दिक विकास तथा एक समर्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, आशुतोष टंडन, पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी, बीएनए निदेशक रवि शंकर खरे और प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम उपस्थित रहे। पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहाकि जो साहित्य बंधकर रह गया था, उसे परिमार्जित कर हिन्दी भाषा को समाज से जोड़ने के काम को भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने किया। उन्होंने साहित्य के माध्यम से भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अपना योगदान दिया था।
विज्ञापन


इनका हुआ अलंकरण
सीएम ने बीएनए के संस्थापक निदेशक पद्मश्री राज बिसारिया समेत भारतेन्दु हरिश्चन्द्र के प्रपौत्र दीपेश चौधरी, अभिनेता हेमेन्द्र भाटिया, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के निदेशक प्रो. सुरेश शर्मा और अभिनेता अतुल तिवारी को सम्मानित किया।

पहली बार अकादमी पहुंचे सीएम, बढ़ा कलाकारों का हौसला
भारतेंदु नाट्य अकादमी में जिन हस्तियों को सम्मानित किया गया, उन्होंने खुलकर इस बात की सराहना की कि पहली बार अकादमी में कोई मुख्यमंत्री आया। भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रतिमा का अनावरण हुआ, यह गर्व की बात है। इससे कलाकारों का हौसला बढ़ेगा।

भारतेंदु नाट्य अकादमी के संस्थापक निदेशक पद्मश्री राज बिसारिया ने कहाकि एक जमाने के बाद बीएनए में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र की प्रतिमा लगी है। कलाकारों को मुख्यमंत्री ने सम्मान दिया है, यह बहुत अच्छी पहल है। वहीं अभिनेता अतुल तिवारी ने कहाकि यह पहला मौका है, जब अकादमी में कोई मुख्यमंत्री पहुंचे हैं। मैं स्वयं को भाग्यशाली मानता हूं, जिस संस्था की वजह से हम इस लायक हुए हैं। भरतेंदु जी की प्रतिमा के अनावरण के लिए सभी कलाकार मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट करते हैं।

वहीं लेखक व अभिनेता हेमेंद्र भाटिया ने कहाकि भारतेन्दु नाट्य अकादमी 1974 में भारतेन्दु नाटक केन्द्र के रूप में जानी जाती थी। मैं बीएनए से 1975 से जुड़ा रहा हूं। फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में एसटीटीआई पुणे से कार्य किया। इसी क्रम में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निर्देशक प्रो. सुरेश शर्मा ने कहाकि मैं भारतेन्दु नाट्य अकादमी में डिप्लोमा के पहले बैच का छात्र रहा हूं। यहीं की वजह से राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली पहुंचा। वहीं से प्रोफेसर बनकर आया। इसी विद्यालय में निदेशक बना और तत्काल में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र का निर्देशक बनने का सौभाग्य मिला है। अंत में भारतेंदु हरिश्चंद्र के प्रपौत्र दीपेश चौधरी ने कहाकि भारतेन्दु की 171वीं जयंती पर उनके पुनरअवतरण का कार्य सरकार द्वारा किया गया है। मोदी और योगी की सरकारें भारतेंदु हरिश्चंद्र की कही बातों पर अमल कर रही हैं, यह अच्छी बात है। उन्होंने तीन बातें कहीं थीं। पहली- हमारी एक भाषा हो, भारत में रहने वाला हर व्यक्ति भारतीय कहलाए और स्वदेशी का उपयोग करें।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें