केजीएमयू बाल रोग विभाग के थर्ड फ्लोर पर पहुंचते ही ऐसा लगेगा की आप किसी सरकारी नहीं कॉरपोरेट अस्पताल में आ गए हों। वार्ड में घुसते ही ‘विनी द पूह’ का विनी आपका स्वागत करेगा।
इसके अलावा वहां आपको सेंट्रली एयर कंडीशन, हर बेड पर ऑक्सीजन और सक्शन की सुविधा, वार्ड में टीवी, रंग-बिरंगी फाल्स सीलिंग, बच्चों को लुभाने वाले कार्टून के पोट्रेट, शानदार फर्नीचर मिलेगा।
केजीएमयू में तैयार हो रहे स्टेट ऑफ आर्ट पीडियाट्रिक आंकोलॉजी विभाग का ‘लुक’ कुछ ऐसा ही है, जिसका उद्घाटन रविवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करेंगे।
प्रदेश के पहले पीडियाट्रिक आंकोलॉजी विभाग 8 मई को वजूद में आ जाएगा। बाल रोग विभाग से अलग कर बनाए गए इस नए विभाग में 50 बच्चों को भर्ती करने की व्यवस्था होगी।
विभाग के थर्ड और फोर्थ फ्लोर पर बनाए गए इस विभाग के वार्ड में प्रत्येक बेड आईसीयू की तरह तैयार किया गया है। जिसमें कैंसर पीड़ित बच्चे के इलाज और उसको सपोर्ट देने के लिए जीवन रक्षक प्रणाली की सुविधा होगी।
इससे बच्चों को इलाज के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। शासन से पीडियाट्रिक आंकोलॉजी विभाग शुरू करने की अनुमति मिलने के बाद इसका रास्ता साफ हुआ है। अभी तक इस यूनिट में सिर्फ 28 बेड ही थे।